रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 मार्च। कालडा बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी एवं सीगाप्रास के तत्वावधान में दो दिवसीय राइनोप्लास्टी कॉन्फ्रेंस कम वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसमें देश भर के 50 प्लास्टिक सर्जन शामिल हुए। उन्होंने राइनोप्लास्टी से संबंधित आधुनिक सर्जिकल तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का संचालन कोर्स डायरेक्टर डॉ. सुनील कालडा तथा अंतरराष्ट्रीय फैकल्टी डॉ. नासिर (यूके) के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान प्रतिभागी डॉक्टरों को नाक की संरचना (नैसल एनाटॉमी), जटिल विकृतियों के उपचार, आधुनिक सर्जिकल तकनीकों तथा राइनोप्लास्टी से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
वर्कशॉप के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा कुल 30 मरीजों की जांच की गई, जिनमें से चयनित 7 मरीजों का ऑपरेशन डा कालड़ा और डा नासिर की टीम ने किया । इन सर्जरी में टेढ़ी नाक क्लेफ्ट राइनोप्लास्टी, टिप प्लास्टी तथा अन्य जटिल नाक संबंधी समस्याओं का उपचार किया गया। बहुत मरीजों में नाक की बनावट सही करने के लिए उनकी छाती की पसली से कार्टिलेज निकालकर नाक में लगाया गया। इससे नाक की बनावट अधिक सुंदर बनी। साथ ही जिन मरीजों को सांस लेने में कठिनाई हो रही थी, उनकी समस्या को भी ठीक किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों को लाइव ऑपरेटिव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से राइनोप्लास्टी सर्जरी की बारीक तकनीकों को करीब से देखने और विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला। इस अवसर पर सर्वश्री डॉ. एमएल जैन, दक्षेस शाह,गुरूपाल छाबड़ा, दीपमाला चटर्जी, प्रीति पांडे, इशिता कत्याल और डा नवीन ने अपना सहयोग दिया। प्रतिभागी डॉक्टरों ने इस कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए ।