रायपुर
रायपुर, 27 फरवरी। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में शा. नागार्जुन पी.जी. साइंस कॉलेज के सूचना प्रौद्योगिकी, संगणक विज्ञान, गणित एवं भौतिकी विभाग द्वारा “Empowering Women in the Workplace: Leveraging AI Tools for Success” विषय पर एक दिवसीय विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता उपकरणों की उपयोगिता एवं संभावनाओं पर प्रकाश डालना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। तत्पश्चात प्राचार्य ने उद्बोधन में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. मृदु साहू रहीं, जिन्होंने आधुनिक कार्यस्थलों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित उपकरणों की उपयोगिता, नेतृत्व क्षमता विकास तथा कौशल उन्नयन के विविध आयामों , Tableau तथा Microsoft Power BI के माध्यम से प्रभावी डैशबोर्ड डिज़ाइन की प्रक्रिया समझाई। साथ ही Microsoft Office 365 के उपयोग द्वारा डाटा प्रबंधन एवं प्रस्तुतीकरण की तकनीकों को व्यावहारिक उदाहरणों सहित स्पष्ट किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुरेंद्र कुमार पटेल, सहायक प्राध्यापक, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने किया। उन्होंने बताया कि एआई टूल्स की सहायता से कार्यों को सुव्यवस्थित, समयबद्ध एवं नियोजित ढंग से किस प्रकार संपादित किया जा सकता है।

इस अवसर पर सूचना प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष श्रीमती योगेश्वरी पाल, संगणक विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. किरण बाला दुबे, गणित विभागाध्यक्ष डॉ. वर्षा करंजगांवकर, भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. बी. जी. शर्मा, सहायक प्राध्यापक डॉ. वर्षा शर्मा सहित अन्य प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
व्याख्यान के पश्चात प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में आभार ज्ञापन किया गया।
यह आयोजन राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विज्ञान एवं तकनीक के महत्व को रेखांकित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।


