रायपुर

कथनी-करनी में भी ‘आचरण’ को उतारा जाए- मोदी
01-Nov-2025 7:00 PM
कथनी-करनी में भी ‘आचरण’ को उतारा जाए- मोदी

नवा रायपुर में ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय के शांति शिखर अकादमी का मोदी ने किया लोकार्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती महोत्सव में शामिल होने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवा रायपुर में ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के नए आध्यात्मिक एकेडमिक केन्द्र शांति शिखर का लोकार्पण किया।

इस मौके पर मौजूद विशिष्टजनों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा मैंने इस विश्वविद्यालय के आध्यात्मिक आंदोलन को वट वृक्ष की तरह विस्तार लेते हुए देखा है। मुझे जब भी मौका मिला, आपके बीच आया हूं। चाहे गुजरात हो, या फिर दिल्ली आने के बाद। विश्वविद्यालय के प्रयासों को बहुत गंभीरता से देखा है। अनुभव किया है। यहां शब्द कम सेवा ज्यादा है। इस संस्थान से मेरा अपनापन खासकर जानकी दीदी का स्नेह, दादी हृदय मोहनी का मार्गदर्शन मेरे जीवन की विशेष स्मृति का हिस्सा है।

श्री मोदी ने कहा शांति शिखर के लोकार्पण के मौके पर कह सकता हूं कि आने वाले समय में यह संस्थान विश्व शांति के सार्थक प्रयासों का केन्द्र होगा। कहा जाता है आचरण ही सबसे बड़ा धर्म है, तप है, ज्ञान है, आचरण से सब कुछ सिद्ध हो सकता है। कथनी-करनी में भी आचरण को उतारा जाए, यही संस्था की आध्यात्मिक शक्ति का स्रोत है। यहां हर बहन, भाई कठोर तप साधना में खुद को तपाते हैं। पहला संबोधन ही ओम शांति है, इसलिए ब्रम्हा के विचारों का अंतर्मन पर प्रभाव पड़ता है। यह भारत के मौलिक विचार का अधिष्ठान भी है। हम जीव में शिव देखते हैं, स्व का विस्तार सर्वस्व तक करते हैं, ऐसी उदार सोच, चिंतन, हमारी सभ्यता का परंपरा का सहज स्वभाव है। आत्मसंयम से आत्मज्ञान, आत्मसाक्षात्कार, और आत्मशांति इसी पथ पर चलते हुए इस शांति शिखर एकेडमी के साधक वैश्विक शांति का माध्यम बनेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा पर्यावरण संरक्षण में भारत प्रमुख आवाज बना हुआ है। हम प्रकृति का संरक्षण, संवर्धन करते हैं। हम नदियों को मां, जल को देवता, पौधे में परमात्मा के दर्शन करते हैं। इसी भाव से प्रकृति के संसाधनों का उपयोग करते हैं, जो हमें वे ऑफ लाईफ सेव फ्यूचर का भरोसा देते हैं। श्री मोदी ने कहा भारत अभी से अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभा रहा है। वन सन, वन वल्र्ड, वन फेमिली, वन फ्यूचर के भारतीय विजन से दुनिया जुड़ रही है। भारत में जियो पॉलिटिकल बाऊंड्री से अलग मिशन लाईफ भी शुरू किया है, ब्रह्मकुमारी संस्थानों की इसमें अहम भूमिका है। इस मौके पर सीएम विष्णुदेव साय, राज्यपाल रमेन डेका, राजयोगिनी जयंती दीदी, और ब्रह्मकुमार भाई मृत्युंजय मंचस्थ थे। श्री मोदी ने रिमोट बटन दबाकर शांति शिखर भवन का लोकार्पण किया।


अन्य पोस्ट