रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अक्टूबर। राज्य वक्फ बोर्ड में एक अजीब मामला सामने आया है। इसमें बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष, और सीईओ पर अपने रिश्तेदारों की ही जमीन 10 गुना अधिक की दर पर बोर्ड को बेचकर मुनाफा कमाने की शिकायत है। इस धोखाधड़ी की सीएम विष्णु देव साय से शिकायत की गई है।
हालांकि सीईओ ने सभी आरोपों से इंकार किया है। शिकायत के अनुसार अक्टूबर 07 में मौदहापारा निवासी तीन भाइयों यासिन खान, अयुब खान, यूसुब खान ने जोहन पटेल सड्डू से खसरा नंबर 151/1 का रकबा 0.203 हेक्टेयर 16.24 लाख में खरीदा था। और एक वर्ष बाद ही तीनों भाइयों ने यह जमीन वक्फ बोर्ड को 10हुना अधिक कीमत 1,56 57,962 रूपए में बेच दिया । इनमें विक्रेता यासिन खान, बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सलीम अशरफी के साले हैं। और बोर्ड के सीईओ डॉ. साजिद अहमद फारूखी थे। और बोर्ड के विक्रयनामे में हस्ताक्षर उन्होंने किया था। शिकायत में कहा गया है कि एक ही वर्ष बाद जमीन की कीमत का 10 गुना होना कल्पना से परे है। स्पष्ट है कि बोर्ड के सदस्य, अध्यक्ष और सीईओ विक्रेताओं ने एक साथ मिलकर स्वयं के लाभ एवं बोर्ड को हानि पहुंचाने का कृत्य किया। जो भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 88 के तहत दंडनीय है। इसलिए जांच करा कर सभी पर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
इस धोखाधड़ी की पूर्व में तत्कालीन सीएम भूपेश बघेल के साथ साथ एडीजी ईओडब्ल्यू में भी शिकायत की गई थी। वरिष्ठ अधिवक्ता इकबाल अहमद रिजवी (दिवंगत) ने अपनी शिकायत में बोर्ड में पदस्थ पूर्व अध्यक्ष, सीईओ डॉ फारूकी कई अन्य मामलों का खुलासा किया था। इनमें चांटापारा बिलासपुर में 115975 वर्गफीट वक्फ जमीन नीलाम करवाने, सारंगढ़ में मुसाफिर खाना बेचने के मामले प्रमुख हैं। इस पर डॉ. फारूकी से संपर्क करने पर कहा कि सड्डू मामले में बोर्ड की कोई राशि नहीं लगी है। न हानि हुई। उन्ही को पैसे से जमीन उन्ही को दी गई है। कोई अनियमितता नहीं हुई है। पूर्व में भी शिकायते होती रहीं है।