रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 अक्टूबर। साप्रवि ने सभी विभागों को पत्र भेजकर अनुकंपा नियुक्ति के लिए भटक रहे लोगों को नियुक्ति देने के आदेश दिया है। विशेष सचिव चंदन कुमार ने लिखे अपने पत्र में नियुक्तयों को लेकर फैली भ्रांतियों को स्पष्ट किया है। सचिवों, विभागाध्यक्ष कमिश्नर कलेक्टरों से कहा है कि
सा.प्र.वि. द्वारा अनुसूचित क्षेत्रों में पदस्थापना के संबंध में जून 15 में जारी निर्देश अनुसार अनुसूचित क्षेत्र में पदस्थी के दौरान शासकीय सेवक का निधन होने पर उसके परिवार के आश्रित सदस्य को विभाग में तृतीय श्रेणी के निम्नतम पद पर अनुकम्पा नियुक्ति हेतु शासन द्वारा निर्धारित 10 प्रतिशत की सीमा को बढ़ाकर 25 प्रतिशत किया गया है, जो वर्तमान में भी प्रभावशील है। अनुसूचित क्षेत्र के जिला/विकासखण्डों की जानकारी उक्त निर्देश के परिशिष्ट-एक एवं दो में दी गई है। अनुकम्पा नियुक्ति तृतीय श्रेणी के सीधी भर्ती के निम्नतम पदों पर अनुकम्पा नियुक्ति में 10 प्रतिशत सीमा बंधन लागू है। अत: यदि तृतीय श्रेणी के पद रिक्त न हों तो आवेदक को चतुर्थ श्रेणी / समतुल्य रिक्त पदों पर अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की जा सकती है। यदि तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पद रिक्त न हो तो अनुकम्पा नियुक्ति निर्देश-2013 की कंडिका 15 (10) एवं 15 (11) के तहत शीघ्र समुचित कार्यवाही कर, प्रकरण निराकृत की जाये।
अनुसूचित क्षेत्रों में पदस्थ ऐसे शासकीय सेवक जिनका आकस्मिक निधन हुआ है और उनके आश्रितों द्वारा अनुकम्पा नियुक्ति हेतु अभ्यावेदन प्रस्तुत किया गया है, उनका निराकरण उपर्युक्त कंडिका-1 में उल्लेखित प्रावधान अनुसार तृतीय श्रेणी के निम्नतम पद पर अनुकम्पा नियुक्ति हेतु 10 प्रतिशत के स्थान पर 25 प्रतिशत पदों पर अनुकम्पा नियुक्ति दिये जाने की कार्यवाही यथाशीघ्र पूर्ण की जाये। अनुकम्पा नियुक्ति के संबंध में समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। यह पुन: दोहराया जाता है कि अगर तृतीय श्रेणी के पद रिक्त न हों तो चतुर्थ श्रेणी के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति की प्रक्रिया कर आवेदक को अवगत कराएं कि चतुर्थ श्रेणी में ही पद उपलब्ध है।
साप्रवि ने जिलावार एवं राज्य स्तर के विभागवार लंबित प्रकरणों की संख्या जानकारी भेजकर कहा है कि समस्त प्रकरणों की समीक्षा और कार्यवाही करें।
यहां इतने लंबित: पूरे प्रदेश में अनुकंपा नियुक्ति के कुल 790 आवेदन लंबित हैं। इनमें रायपुर जिले में 125, बिलासपुर में 72,रायगढ़ में 70,और जशपुर में 56 आवेदन लंबित हैं। इसी तरह से विभागों में कुल 241 लंबित हैं। इनमें स्वास्थ्य विभाग में 73 और पंचायत ग्रामीण विकास में 27 आवेदन हैं।