रायपुर

सीसीटीवी कैमरे नहीं तो परीक्षा केंद्र नहीं- सीबीएसई
07-Oct-2024 4:16 PM
सीसीटीवी कैमरे नहीं तो परीक्षा  केंद्र नहीं- सीबीएसई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 अक्टूबर।
चालू सत्र 24-25 की 10-12 वीं परीक्षाओं के लिए सीबीएसई ने हाल ही में  आवश्यक निर्देश जारी किया है। 2025 में होने वाली बोर्ड परीक्षा कड़े पहरे में होगी। एग्जाम रूम में सीसीटीवी  कैमरों से न सिर्फ नजर रखी जाएगी, बल्कि रिकॉर्डिंग सेव भी रखी जाएगी,ताकि जरूरत पडऩे पर उन्हें देखा जा सके। सीबीएसई ने हाल ही में देश भर के  एक नोटिस जारी कर इसकी सूचना दी है।

बोर्ड ने सभी स्कूलों से कहा है कि उनके सभी एग्जाम रूम में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगे होने चाहिए। यह निर्देश सभी सीबीएसई स्कूलों के प्रिंसिपल्स और हेडमास्टर्स को भेजा गया है। परीक्षा के दौरान रिकॉर्डिंग की जाएगी जिसे स्कूलों को कम से कम दो महीने तक संभाल कर रखना होगा,हालांकि रिकॉर्डिंग केवल अधिकृत लोग ही देख सकेंगे। इस पर खर्च को देखते हुए स्कूल चाहे तो एग्जाम रूम के रूप में कुछ कक्षाओं (कमरों) को तय कर उनमें कैमरे लगा सकता है।

सीबीएसई ने आगे कहा कि कैमरों में पैन, टिल्ट और जूम की सुविधा होनी चाहिए ताकि किसी भी क्षेत्र या छात्र पर नजर रखी जा सके। अगर किसी स्कूल में सीसीटीवी कैमरों नहीं लगे हैं, तो उस स्कूल को परीक्षा केंद्र नहीं माना जाएगा।

बता दें कि सीबीएसई के मुताबिक 2024 में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में करीब 44 लाख छात्र बैठने का आंकलन किया है। इतनी बड़ी संख्या छात्रों की परीक्षा सुचारू और शुचिता पूर्ण ढंग से कराने के लिए सीबीएसई ने यह कदम उठाया है।हर परीक्षा केंद्र में 240 छात्रों के लिए एक व्यक्ति खासतौर पर निगरानी रखने के लिए नियुक्त किया जाएगा। इसकी जानकारी छात्रों और अभिभावकों को भी देने को कहा गया है।
 


अन्य पोस्ट