रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 अक्टूबर। बीते 5 वर्षों की तरह निगम की आज अंतिम सामान्य सभा भी हंगामें से शुरू हुई। प्रश्न काल में ही भाजपा ,कांग्रेस के पार्षद एमआईसी सदस्य आमने सामने हो लिए।
दरअसल, भाजपा पार्षद एक प्रश्न विलोपित करने का विरोध करते हुए सभापति प्रमोद दुबे के डायस पर चढक़र हंगामा करने लगे। वरिष्ठ पार्षद मृत्युंजय दुबे ने रायपुर में लाइट मेट्रो ट्रेन को लेकर महापौर एजाज ढेबर के मास्को में किए गए एमओयू पर प्रश्न लगाया था । इसे प्रश्न सूची से हटा दिया गया था। आज 11 बजे कार्यवाही शुरू होते ही पार्षद दुबे और साथियों ने विरोध शुरू कर दिया । इस हंगामे में सभापति प्रमोद दुबे ने 6 पार्षदों को निलंबित कर बाहर जाने कहा। भाजपा पार्षद मेयर से रायपुर की जनता से माफी मांगने की मांग करते रहे। और महापौर का फर्जी मेट्रो का बोर्ड लेकर सदन में प्रदर्शन करते रहे। इस दौरान पार्षद, सभापति की आसंदी पर जा चढ़े, और नारे लगाते रहे। इस पर सभापति ने भाजपा के 6 पार्षदों को निलंबित कर सभा 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी। पुन: शुरू होने पर भी भाजपा पार्षद हंगामा करते रहे।
दूसरी ओर प्रश्न काल के बाद कांग्रेस के पार्षद भी धरने पर बैठ गए । वे निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा की गैर मौजूदगी और मौजूद अपर आयुक्त राजेंद्र गुप्ता और ईई राजेंद्र राठौर के साथ अन्य अधिकारियों के बैठक में गंभीर न होने का आरोप लगा रहे थे। वे करीब एक घंटे से अधिक धरने पर रहे । पार्षदों का कहना था कि जरूरी विषयों पर चर्चा के समय आयुक्त मौजूद नहीं है। वही अन्य अफसर मोबाइल में बैटिंग गेम (ताश)खेल रहे हैं।
इससे पहले पार्षदों ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के भुगतान न होने का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि 6 महीनों से भुगतान नहीं हो रहा है । निगम में इस शाखा के अफसर कर्मी, आईडीबीआई बैंक के अफसरों के साथ मिलकर रकम जमा रख ब्याज खाने का धंधा कर रहे हैं। बैंक को टर्मिनेट करने की मांग करके रहे ।