रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 सितंबर। किछौछा शरीफ के प्रमुख सैय्यद अबू अल हसन मोहम्मद अशरफ अशरफी जिलानी का कहना है कि किसी भी धर्म या जाति का मामला हो वो बातचीत से सुलझाया जा सकता है। देश में कई ऐसे मामले आए जिसमें सभी ने सुप्रीम या अन्य कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हुए उसका अक्षरश: पालन किया। कुछ ही लोग होते हैं जो नहीं चाहते मामला सुलझे नहीं। ऐसे लोगों की पहचान खुद से ही करना होगा। जश्ने ईद मिलादुन्नबी का जुलूस भले ही मुस्लिम समाज ने निकाला था। लेकिन इसमें सभी धर्म के लोग शामिल हो सकते हैं। इससे किसी को इंकार नहीं है। सरकारे दो आलम पूरी दुनिया के लिए रहमत बनकर आए हैं। यही वजह है कि देश के सभी समाज के लोगों के जुलूस में दूसरे धर्म के लोग भी उनका स्वागत करते हैं। ये भारत की परंपरा है।
पैगबंरे इस्लाम के वंशज और अशरफे सिमना एकेडमी के चेयरमैन सैयद अबुअल हसन ने इस्लाम में रहने वाले लोगों को अपनी जिंदगियों को रसूल के बताए नसीहतों में ढालना चाहिए। क्योंकि सरकारे दो आलम ने भी अपनी हयाते जिंदगी में इंसानियत की खिदमत का पैगाम दिया है। इस तरह के जुलूस का मकसद ये नहीं होता कि केवल जुलूस ही निकाला जाए। इससे यह संदेश दिया जाता है कि वे सब पैगंबरे इस्लाम से मोहब्बत करते हैं। उनकी अहमियत बताई जाती है साथ ही खुद के इमान को भी ताजा करते हैं। 1442 साल बाद भी अपने नबी के लिए हर मुस्लिम के दिल में उतनी ही मोहब्बत और अदब है।
वे राजधानी में आयोजित
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के लिए आए थे। मुंबई से आए मुफ्ती मोहम्मद अख्तरुल कादरी ने बुधवार को सीरत मैदान में अपनी तकरीर में कहा कि पैगबंरे इस्लाम ने हमेशा इंसानियत का ही पैगाम दिया। उन्होंने कभी किसी को कोई तकलीफ नहीं पहुंचाने की बात की है। इसलिए मुस्लमानों को उनके बताए रास्ते पर ही चलना चाहिए। शहर सीरतुन्नबी कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद मुख्तार अशरफी ने बताया कि कल शुक्रवार को सीरत मैदान में ही रात 9 बजे से ऑल इंडिया नातिया मुशायरा का आयोजन किया जाएगा। इसमें महबूब गौहर इस्लामपुरी बिहार, जौहर मुजफ्फरपुरी बिहार, शहबाज रजा नूरी कोलकाता, साजिद रजा साजिद हजारी बाग बिहार, कैशर जबलपुरी, डॉ. जहीर रहबर रायपुर, रमजान अख्तर रायपुरी और युसूफ अशरफी रायपुरी शामिल होंगे। 21 सितंबर को महिलाओं और 22 को बच्चों के लिए नातिया और क्विज का आयोजन किया जाएगा।