रायपुर
हाईकोर्ट की अवमानना में फंस सकती है सरकार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर,10सितंबर। एस आई भर्ती की चयन सूची घोषित करने की मांग को एक अभ्यर्थी ने दुर्ग से नवा रायपुर तूता तक मैराथन दौड़ लगाई। जहां वह प्रदेश भर से आए साथी अभ्यर्थियों ये साथ आमरण अनशन में भी शामिल हुआ । इस अनशन में करीब तीन सौ से अधिक लोग बैठे हैं।
इससे पहले अभ्यर्थियों ने सोमवार शाम 4 बजे नवा रायपुर के पीएचक्यू के सामने प्रदर्शन किया। वे सभी पीएचक्यू का घेराव करने गए थे। लेकिन बड़े बड़े बैरिकेड लगाकर रोका गया।
तीन माह पहले हाईकोर्ट ने सरकार को 90 दिनों के भीतर चयन सूची जारी करने के आदेश दिए थे। इन तीन महीनों के दौरान तमाम अभ्यर्थी ने हर स्तर पर प्रयास किया । दो बार गृह मंत्री के बंगले के बाहर भी प्रदर्शन किया। और पिछले ही सप्ताह गृह मंत्री ने जल्द सूची जारी करने का आश्वासन दिया था। यह समय खत्म होने के बाद इन अभ्यर्थियों ने सोमवार के प्रदर्शन किया। इनका कहना है कि 90 दिनों में परिणाम जारी न किए जाने से सरकार हाईकोर्ट की अवमानना के प्रकरण में फंस सकती है। बता दें कि वर्ष 2018 से शुरू हुई प्रक्रिया लगातार अटक अटक कर पूरी होती रही। और अब सूची जारी करने में भी देरी की जा रही है।