रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 सितंबर। व्यापमं 15 सितंबर को छात्रावासों के आश्रम अधीक्षक के 300 पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर कलेक्टोरेट स्थित रेडक्रास सभाकक्ष में हुई बैठक में केंद्र प्रभारियों और पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। बैठक में नोडल अधिकारी केदार पटेल ने सभी उपस्थित अधिकारियों को परीक्षा की गंभीरता और महत्व के बारे में अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक तैयारियों को समय पर पूरा किया जाए। प्रश्न पत्र की गोपनीयता, परीक्षा के समय की पाबंदी और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के उपायों पर भी गहन चर्चा की गई। प्रभारियों और पर्यवेक्षकों को यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया कि सभी उम्मीदवारों को एक निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा का अनुभव मिले।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा के आयोजन के दौरान सभी अधिकारियों की तत्परता और समर्पण से ही परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सकेगा। जिले में इस परीक्षा के लिए 165 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें पहली पाली में 12 बजे से सवा दो बजे तक आयोजित की जाएगी।