रायपुर
मोहल्ले वालों ने रात थाना घेरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 सितंबर। बीती रात अश्विनी नगर के गौतम नगर मोहल्ले के गणेश पंडाल में तोडफ़ोड़ करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायालय भेज दिया है।
कल रात किन्ही दो युवकों ने पंडाल में रखी गणेश प्रतिमा को तोड़ दिया। घटना के बाद हिंदू संगठनों ने देर रात आजाद चौक थाने का घेराव कर दिया। स्थानीय पार्षद के साथ मिलकर लोगों ने जमकर बवाल मचाया। पुलिस ने रात में ही एफआईआर दर्ज कर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। शुभम सारथी ने पुलिस को बताया कि आजाद चौक थाना क्षेत्र के लाखे नगर के पास शुक्रवार रात 10 बजे दो युवकों ने पंडाल में रखे गणेश प्रतिमा के निचले हिस्से को तोड़ दिया। तोडफ़ोड़ से पहले दोनों युवक पंडाल में ही बैठकप धुम्रपान करते हुए जुआं खेला था। इसका एक वीडियो भी वायरल है। समिति के सदस्यों ने जब ऐसा करने से मना किया। तो उनसे गाली-गलौज की। कुछ देर बहसबाजी करने के बाद युवक वहां से फरार हो गए।
इसकी खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय और हिंदू संगठन के लोग पार्षद के साथ आजाद चौक थाने पहुंचकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। पंडाल स्थल पर यह प्रदर्शन आज सुबह भी जारी रहा। और उसके बाद सभी मोहल्ले वाले विधायक राजेश मूणत से मिलकर शिकायत करने पहुंचे। सीएसपी आजाद चौक ने बताया कि दोनों युवकों शेख जाफर उर्फ झोल्टू (20), शेख जाकिर (30) ईदगाहभाठा को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों पर मारपीट और धार्मिक भावना भडक़ाने के मामले में धारा 298, 296, 351-2, 115-2 बीएनएस दर्ज किया गया है।