रायपुर
सट्टा हवाला लेनदेन में इस्तेमाल होने का अंदेशा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 सितंबर। महिलाओं को रोजगार देने के नाम पर करोड़ो की धोखाधड़ी करने वाली एनजीओ संचालिका को पुरानी बस्ती पुलिस ने हिरासत में लिया है। अब तक की पड़ताल में 15 करोड़ के ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली है।
पुरानी बस्ती, कुशालपुर और आसपास की महिलाओं ने पार्षद दीपक जायसवाल के साथ बीते शुक्रवार को थाने पहुंचकर शिकायत की थी।
इन महिलाओं ने नारी शक्ति संगठन की संचालिका शोभा ठाकुर और अंगीता श्रीवास पर खाते खुलवाकर बिना बताए बड़ी रकम का ट्रांजेक्शन करने का गंभीर आरोप लगाया था । शोभा ठाकुर और अंगिता ने बड़ी संख्या में खुलवाए महिलाओं के बैंक खाते, उनके एटीएम कार्ड और सिमकार्ड भी अपने कब्जे में ले रखा था।
उन खातों का शोभा ठाकुर द्वारा उपयोग करने लगी थी।रोजगार के लिए पंजीयन के नाम से भी महिलाओं से उसने पैसे भी लिए।शिकायत कर्ता महिलाओं नें से एक के पास 943 नंबर की पर्ची मिली थी। शिकायत कर्ता महिलाओं नें से एक के पास 943 नंबर की पर्ची मिली थी। इस आधार पर शोभा ने महिलाओं के नाम से एक हजार से अधिक खाते खुलवाए होंगे, ऐसी आशंका महिलाओं ने जताई थी।
पुलिस ने करीब एक सप्ताह बाद आज शोभा ठाकुर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। टीआई के मुताबिक पूछताछ की जा रही है। अब तक की जानकारी के अनुसार शोभा ठाकुर ने शहर से बाहर लालपुर स्थित कर्नाटक बैंक शाखा में ये खाते खुलवाए हैं। इन खातों में 30 लाख ले पांच करोड़ तक के ट्रांजेक्शन किया।एक ही खाते से 5.5 करोड़ की एंट्री मिली है।
इनमें कोमल सेंदरे 60 लाख, योगिता सेंदरे 56 लाख, राजुला बाघ 1 करोड़ 67 लाख,रेशमा सोनी 37 लाख, दामिनी वर्मा 2 करोड़ 50 लाख,पूर्णिमा मांझी 5 करोड़ 55 लाख,नंदनी देवांगन 77 लाख,ऋतु सेंदरे के नाम के खाते में 50 लाख का ट्रांजेक्शन दिखाई देता है। इनमें से अधिकांश बीएसयूपी कालोनी भाठागांव में रहती हैं। कोमल सेंदरे ने बताया तीन माह पहले खाते खुलवाए थे। और सिलाई पैकिंग का काम देने कहा था। योगिता ने कहा कि उसे सिलाई का काम देने के नाम पर खाता खुलवाया।
शिकायतकर्ता महिलाओं को अंदेशा है कि उनके बैंक खातों का दुरूपयोग शोभा ठाकुर और उसकी सहयोगी महादेव सट्टा एप या फिर हवाला लेनदेन में करती रही होगी। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि ये खाते मैन्युअल सट्टे के लिए भी इस्तेमाल किए जा रहे थे। शोभा, इन खातों को ऐसे अनाधिकृत लेन देन के लिए किराए पर देती रही है।