रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 सितंबर। 7 राज्यों के पश्चिम क्षेत्रीय विद्युत समिति की 50 वीं बैठक पिछले दिनों ऊटी में हुई।समिति के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ के सचिव ऊर्जा व छत्तीसगढ़ पॉवर कम्पनीज़ के अध्यक्ष पी.दयानंद अपने अतिव्यस्त कार्यक्रमों के कारण रायपुर से ऑनलाइन शामिल हुए। बैठक में सभी 7 राज्यों की पारेषण प्रणाली के संचालन ,नई अंतर- राज्यीय परियोजनाओं के क्रियान्वयन व संचालन से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की हुई। इन राज्यों में प्रचलित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर तेजी से कार्य पूर्ण करने महत्वपूर्ण निर्णय लिये गए। छत्तीसगढ़ में अति उच्च दाब की अंतर-राज्यीय पारेषण परियोजनाओं के लगभग 1600 करोड़ रु. की लागत के कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक में की गई। सभी कार्यों को 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। जिसका लाभ छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों को मिलेगा। इस समिति में गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश , गोवा , दमन और दीव, दादरा एवं नगर हवेली की उत्पादन, पारेषण, वितरण पॉवर कम्पनीज़, एनटीपीसी , पॉवर ग्रिड इन राज्यों की निजी पॉवर उत्पादक, पारेषण व ट्रेडिंग कंपनियाँ , राज्य एवं क्षेत्रीय भार प्रेषण केंद्र सम्मिलित हैं।
बैठक में पॉवर के अंतर-राज्यीय मुद्दों पर महत्वपूर्ण निर्णय हुये जैसे नयी पारेषण लाइनों व उपकेंद्रों की प्रगति,डेटा के संचार समिति का गठन, अंतर-राज्यीय पॉवर एक्सचेंज से संबंधित विभिन्न वाणिज्यिक व मीटरिंग व्यवस्था के आधुनिकीकरण जैसे मुद्दे सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर आपसी सहमति से निर्णय लिये गये।साथ ही पूर्व निर्णयों के त्वरित क्रियान्वयन ,समस्याओं के समाधान आदि विषयों पर भी चर्चा की गई ।
इसके पूर्व समिति की तकनीकी समन्वय समिति की बैठक राजेश कुमार शुक्ला, एमडी ,छत्तीसगढ़ पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी की अध्यक्षता में हुई ।