रायपुर
कार्रवाई के लिए अभियान चलाएंगे-डीएसपी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 सितंबर। राजधानी शहर में हजारों ई रिक्शा ट्रैफिक पुलिस की आखों में धूल झोंककर बिना हैड लाइट और हार्न के दौड़ रहे हैं। इससे सडक़ पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। दिन हो या रात ई रिक्शा चालक हार्न का इस्तेमाल किए बिना अन्य वाहनों और राहगीरों के बाजू से फर्राटे से गुजर जाते हैं । बिना हार्न के अकस्मात् बाजू से पहुंचे इन आटो से हड़बड़ाकर लोग टकराकर गिर पड़ते हैं। दिन में हार्न और रात में हार्न, हैड लाइट का भी इस्तेमाल नहीं करते। ऐसा नहीं है कि ये दोनो सुविधाएं ई रिक्शा में नहीं है। कंपनियों ने बनाया है, लेकिन ड्राइवर इस्तेमाल नहीं करते। और इस पर ट्रैफिक पुलिस या चेकिंग प्वाइंट लगाकर अभियान चलाने वाली थाना पुलिस की भी नजर नहीं पड़ती।
दरअसल ई रिक्शा, डीजल- पेट्रोल के बजाए चार्जेबल बैटरी से चलते हैं। एक बार चार्ज करने पर ये रिक्शे 120 किमी की दूरी तय करते हैं। चालक? सुबह एक बार चार्ज कर निकलने ये बाद शाम रात घर लौटकर ही चार्जिंग पर लगाते हैं। हार्न,और लाइट के इस्तेमाल से बैटरी का पावर घटने से बचाने चालक इनका इस्तेमाल नहीं करते। और ये ई रिक्शा, साउंड लेस भी हैं। जिससे सडक़ पर चल रहे अन्य राहगीरों के लिए समस्या खड़ी करते हैं। हमने आज शाम शहर के प्रमुख चौराहों पर इसे देखा और करीब पांच मिनट तक रिकार्ड भी किया। इस दौरान दर्जनों आटो फर्राटे से दौड़ते दिखे। और यह महसूस किया कि ट्रैफिक पुलिस, बाइक सवारों पर तो बिना हार्न हैडलाइट के लिए जुर्माना वसूलती है लेकिन इन आटो पर कोई कार्रवाई नहीं करती।
जबकि बिना हार्न, हैड लाइट के व्हीकल ड्राइविंग ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है। डीएसपी ट्रैफिक सुशांत बैनर्जी के मुताबिक इसके लिए ट्रैफिक रूल को नियमों में 105 और 115 में चालान का प्रावधान है। लेकिन ये लोग चैकिंग अभियान के दौरान पुलिस को देखते ही इस्तेमाल करते हैं। अब हम गलियों और अन्य मार्गों में भी अभियान चलाएंगे।