रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 अगस्त। पांच वर्ष की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पूरी होने के बाद 05 बैच के आईएएस रजत कुमार अगले सप्ताह राज्य मंत्रालय में ज्वाइनिंग दे रहे हैं। कुमार दिल्ली से कार्यमुक्त होने के बाद फिलहाल अवकाश पर है।
रजत कुमार अगस्त 19 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए थे। पहले वे जनगणना निदेशालय और उसके बाद अब तक डीओपीटी में संयुक्त सचिव पद पर कार्यरत रहे। जीएडी सूत्रों ने बताया है कि वे जुलाई अंत में राज्य वापसी के लिए रिलीव होने के बाद अगले सप्ताह संभवत: 4 सितंबर को ज्वाइनिंग देंगे। इनके अतिरिक्त 02 बैच के आईएएस डॉ.रोहित यादव भी लौट रहे हैं। वे भी अगस्त 18 से दिल्ली में रहे हैं।
उनसे पहले जुलाई 17 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए 04 बैच के आईएएस अमित कटारिया के भी पांच वर्ष पूरे हो गए हैं। उनके भी अगले लौटने का इंतजार है। सूत्रों ने तो रिलीव कर दिए जाने की जानकारी दी है। इन तीनों की वापसी से राज्य प्रशासन को सचिव स्तर के अफसर मिल जाएंगे। ऐसे में दो से तीन विभागों के प्रभार सम्हाल रहे अफसर कुछ हल्के किए जा सकते हैं। वहीं बिलासपुर को पूर्ण कालिक कमिश्नर भी मिल सकता है।
सम्मानित होंगे कटारिया
इस बीच अमित कटारिया, ई-गवर्नेंस पुरस्कार -24 से सम्मानित किए जाएंगे। 27वे नेशनल ई गवर्नेंस अवार्ड 3-4 सितंबर को मुंबई में दिए जाएंगे।कटारिया को ग्रामीण विकास विभाग में क्षेत्राधिकारी कार्यस्थल निगरानी और निरीक्षण-प्रबंधन आनलाइन प्रणाली विकसित करने के लिए यह अवार्ड दिया जाएगा। कटारिया ग्रामीण विकास विभाग में संयुक्त सचिव रहे हैं। इस वर्ष देशभर कुल 16 अफसर सम्मानित किए जाएंगे।
बीते आठ महीनों में चार आईएएस अफसर राज्य लौट चुके हैं । इनमें एसीएस रिचा शर्मा, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा,सचिव अविनाश चंपावत, रितु सेन शामिल हैं। और आने वाले महीनों में सुबोध सिंह, एलेक्स पॉल मेनन के भी लौटने के संकेत हैं ।