रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 अगस्त। अगले सप्ताहांत से त्यौहार पर्वों का मौसम शुरू होने जा रहा है । इनमें से अधिकांश सार्वजनिक स्थलों और चौक चौराहों पर पंडाल लगाकर आयोजित किए जाने हैं। इसके साथ ही शहर भर में सडक़ पर जाम से परेशानी का भी सिलसिला शुरू होगा। इन आयोजनों के लिए शहर के तिगड्डे, चौरस्तोंं पर कब्जे कर पंडाल और सजावट के लिए स्ट्रक्चर खड़े होने लगे हैं। आयोजक न केवल सडक़ घेर रहे हैं बल्कि हुकिंग कर बिजली भी चोरी करेंगे। और कार्रवाई से बचने या प्रशासन पर दबाव बनाने सत्ताधारी दल के सांसद,विधायक और अन्य वरिष्ठ नेताओं को अपना अध्यक्ष या संरक्षक बना लेते हैं। इन्हें हाईकोर्ट की चेतावनी का भी डर नहीं रहता। इसे लेकर नागरिक संगठनों ने जिला, हाईकोर्ट में याचिका लगाकर दिशा निर्देश जारी करवाया है ।
कोर्ट ने सडक़ों पर पंडाल लगाकर आयोजन करने,और उससे उत्पन्न ट्रैफिक जाम को संग्यान में लेकर पुलिस, निगम और जिला प्रशासन को कार्ल करने कहा है । वहीं बिजली चोरी रोकने विद्युत अमले को अधिकार दिया है। आयोजक इन सबको धता बता मनमानी करते अपने आयोजन करते हैं। बिजली विभाग भी अस्थाई कनेक्शन लेने की सूचना जारी कर अपनी इतिश्री कर लेता है। हाल के वर्षों में विद्युत अमले ने ऐसे किसी भी आयोजक पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। बस इसी ढिलाई का फायदा उठा एक बार आयोजन की तैयारियां शुरू कर चुके हैं । पहले7 सितंबर से 10 दिवसीय गणेशोत्सव, और फिर क्वांर नवरात्रि पर पंडाल सजाए जाते हैं। अगले डेढ़ माह में बीस से अधिक दिन शहर ऐसे जाम से जूझने जा रहा है ।