रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 अगस्त। ।शक्ति छत्तीसगढ़ विप्र महिला समाज ने रविवार को बजरंग नगर स्थित विप्र भवन में धूमधाम से तीज महोत्सव मनाया। सभी महिलाएं लाल रंग की वेशभूषा में सोलह श्रृंगार के साथ पहुंची थीं। सबसे पहले सभी ने मजेदार खेलों का आनंद उठाया। इसके बाद बारी थी नृत्य प्रस्तुति की। दो अलग-अलग वर्ग में महिलाओं ने नृत्य प्रस्तुत किया। 30-40 वर्ष उम्र की प्रतिभागियों ने मैया यशोदा ये तेरा कन्हैया.... आओ पधारो पिया... राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी... सजना है मुझे सजना के लिए जैसे गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं 40 से अधिक वर्ष की महिलाओं ने समूह नृत्य स्पर्धा में अपनी प्रतिभा दिखाई। बेहतर प्रस्तुति के साथ आकर्षक श्रृंगार वाली महिला प्रतिभागी को तीज क्वीन का पुरस्कार दिया गया। इस दौरान कवयित्री डा. संध्या शुक्ला ने कविता सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन में अलग-अलग शहरों से लगभग 100 महिलाएं शामिल हुईं।