रायपुर
मंत्रालय,संचालनालय,चिकित्सालय,कार्यालय एवं विद्यालय रहेंगे बंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 अगस्त। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी संयुक्त मोर्चा के घटक संगठनों की कल हुई बैठक में 9 सितंबर को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर राजधानी से तहसील तक काम बंद करने का फैसला किया है। मोर्चा का कहना है कि साय सरकार द्वारा चुनावी घोषणा पत्र में मोदी की गारंटी के तहत कर्मचारियों एवं पेंशनरों को केंद्र के समान डीए एवं डीए की एरियर्स राशि को जीपीएफ खाते में समायोजित करने के वादे को आज पर्यंत पूरा नहीं करने से प्रदेश के कर्मचारियों के आक्रोश बढ़ रहा है ।
मोर्चा ने फेडरेशन से पहले विरोध पर उतरने की घोषणा की है। 9 तारीख को मंत्रालय,संचालनालय, सहित सभी जिला,तहसील कार्यालय,विद्यालय एवं स्वास्थ्य विभाग के समस्त कर्मचारी ,अधिकारी एक दिन का सामूहिक अवकाश लेकर धरना प्रदर्शन करेंगे। संयुक्त मोर्चा ने युक्तियुक्त करण का विरोध करते हुए चार शिक्षक संगठनों से बने शिक्षक संघर्ष मोर्चा की हड़ताल को अपना समर्थन दिया।
बैठक को महासंघ के प्रांतीय संयोजक अनिल शुक्ला, मंत्रालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह राजपूत,संरक्षक तीरथ लाल सेन, लिपिक वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष संजय सिंह, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष आलोक मिश्रा,संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय संयोजक संजय तिवारी,अधिकारी कर्मचारी संघ के करण सिंह अटेरिया, मैदानी स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के टी आर धृतलहरे, मुन्ना लाल निर्मलकर,स्टेट गैरेज शासकीय कर्मचारी संघ बालकृष्ण साहू, छत्तीसगढ़ कर्मचारी संघ के अशोक कुमार नवरे,दीपक शर्मा,राज्य पेंशनर एवं कर्मचारी कल्याण संघ विद्याभूषण दुबे,कोषालय कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह,निगम मंडल कर्मचारी संघ के संजय सक्सेना,चिकित्सा अधिकारी संघ के डॉ गोकुल सरकार, पेंशनधारी कल्याण सिंह के वाय ए कुरेशी, छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ नरेंद्र सिंह ठाकुर,प्रगति शील अनियमित कर्मचारी फेडरेशन के गोपाल साहू के अतिरिक्त विभिन्न संगठनों सतीश पसेरिया, बी के शुक्ला, जाहिद खान आदि उपस्थित थे।