रायपुर
छेड़छाड़ और लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 अगस्त। गुढिय़ारी के रामनगर इलाके में दो श्रमिकों के बीच का एक पुराना विवाद खून में बदल गया। बताया जा रहा है कि शराब पीने के दौरान यह वारदात हुई। भूपेंद्र नाम के युवक ने वासु उर्फ सूरज सिन्हा (30)के सिर पर गमला मारकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी भोपू उर्फ भूपेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, वासु और भूपेंद्र दोनों ही रामनगर इलाके में मजदूरी का काम करते थे। इनके बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो रविवार को हिंसक घटना में बदल गया। हत्या के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और आरोपी को हिरासत में ले लिया। रामनगर चौकी की पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आरोपी भूपेंद्र यादव से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
बीती रात शहर के दो इलाकों में बलवे की घटनाएं हुई। सरस्वती नगर और खमतराई पुलिस पड़ताल कर रही है। सरस्वती नगर इलाके के कोटा के छोटी मस्जिद के पास रहने वाला आरिफ लंगड़ा राह चलती महिलाओं पर छींटाकशी कर छेड़छाड़ करता है। रविवार देर शाम को भी आरिफ लंगड़ा ने एक युवती के साथ छेड़छाड़ की। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने उसके और उसके रिश्तेदारों के यहां पथराव करते हुए घर में जमकर तोडफ़ोड़ की। स्थानीय रहवासी आरिफ को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। इधर घटना की सूचना और मौके पर तनाव बढ़ता देख एएसपी पश्चिम, आजाद चौक सीएसपी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचकर दोनो पक्षों को समझाईश देकर शांत कराया। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है। इसी तरह से रविवार रात 12 आजाद चौक वंदना आटो के पास एक ट्रक ने कार को ठोकर मारी। इस पर कार चालक ने अपने साथियों को बुलाकर ट्रक ड्राइवर और हेल्पर के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान सडक़ पर जाम की स्थिति बनी रही। घटना स्थल आजाद चौक थाने से महज 200 मीटर दूर है। लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी।
उधर खमतराई थाना के रामेश्वर नगर भनपुरी निवासी टेकराम साहू के घर बीती देर रात 20-25 लोगों ने हमला किया। आरोपियों ने घर में घुसकर लात-घुसे और चाकू से हमला किया। ईंट फेंककर घर का दरवाजा भी तोड़ा। यह बलवा पैसों के लेनदेन को लेकर बताया गया है लेकिन पुलिस इसे मारपीट बता रही है। चाकू को वार पर गंभीर रूप से घायल टेकराम साहू पिता दुकलहाराम साहू को मेकाहारा में भर्ती कराया गया है। पीडि़तों ने आज थाने में मामला दर्ज कराया। बता दें पूरी वारदात का सीसीटीवी फूटेज सामने आया है।
ये घटनाएं क्यों?
कल रात हुई इन घटनाओं में राजधानी में पुलिसिंग की पोल खोल दी है। गली-मोहल्लों में पुलिस की गश्त नदारद है। पुराने विवादों पर पुलिस की कार्रवाई न करने से लोग आपसी रंजिश पालकर मौका देख हमला करते हैं।
