रायपुर

युक्तियुक्तकरण का विरोध होगा तेज, 27 को नोटिस 16 को प्रदेश स्तर पर हड़ताल
25-Aug-2024 2:02 PM
युक्तियुक्तकरण का विरोध होगा तेज, 27  को नोटिस 16 को प्रदेश स्तर पर हड़ताल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 अगस्त।
 युक्तियुक्तकरण को लेकर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की बड़ी रणनीति तैयार हो गयी है। 27 अगस्त को मुख्य सचिव  को शिक्षक संगठन  हड़ताल की नोटिस देने जा रहा है।वहीं 16 सितंबर राजधानी में  एक दिवसीय हड़ताल होगी। इस बात की घोषणा कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन कमल वर्मा ने की।  वर्मा ने कहा कि इस दौरान मुख्यमंत्री से भी बातचीत करने की कोशिश की जायेगी। लेकिन, आंदोलन भी अपने स्तर पर जारी रहेगा।

इससे पहले युक्तियुक्तकरण को लेकर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की बड़ी बैठक हुई। करीब चार घंटे चली इस मैराथन बैठक में दो दर्जन से ज्यादा शिक्षक संगठन के प्रांताध्यक्ष व पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक में युक्तियुक्तकरण के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गयी। इस दौरान कई शिक्षक संगठनों की तरफ से अलग-अलग मुद्दों पर अपनी बातें रखी गयी। फेडरेशन ने सभी शिक्षक संगठनों को दो टूक कहा है कि किसी भी आंदोलन में आगे बढऩे से पहले शिक्षकों और शिक्षक संगठनों में आपसी सहमति होनी जरूरी है।

लिहाजा, अलग-अलग खेमों में बंटे शिक्षक संगठनों को साथ लाने की पहल करने को कहा गया। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि शिक्षक अपनी हक की आवाज के लिए आगे बढ़ें, तो फेडरेशन उनके साथ साया बनकर चलने कौ तैयार है। 

वहीं फेडरेशन के सचिव राजेश चटर्जी ने कहा कि राजेश चटर्जी ने कहा शिक्षकों को इस मुद्दे पर ना सिर्फ गंभीर होना होगा, बल्कि एक मंच पर आना होगा। अलग-अलग संगठन में बंटे शिक्षकों से इसका हल नहीं निकलेगा। अगर युक्तियुक्तकरण का मुद्दा पूरी तरह से खत्म करना है, तो फेडरेशन के मंच पर सभी शिक्षक संगठन आयें और युक्तियुक्तकरण के खिलाफ योजनाबद्ध तरीके से आंदोलन की रणनीति बनायें।

 


अन्य पोस्ट