रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 अगस्त। डिप्टी सीएम नगरीय प्रशासन अरूण साव ने पत्रकारों से चर्चा में साव ने कहा बीते 8 महीनों में ही नगरीय निकायों को विकास कार्यों के लिए 1250 करोड़ रुपए दिए गए हैं। इस राशि से प्रदेश के नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में अधोसंरचना विकास के साथ जनसुविधाएं विकसित करने के काम किए जा रहे हैं। और नगरीय निकायों को जल्द मिलने वाली 900 करोड़ रुपए को मिलाकर हमारी सरकार द्वारा शहरों के विकास के लिए मुहैया कराई जाने वाली राशि 2150 करोड़ रुपए पहुंच जाएगी।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों हुए जनसमस्या निवारण शिविरों में पीएम आवास से संबंधित 17 हजार 512 आवेदन मिले जिनमें से 1181 का त्वरित निराकरण किया गया। शिविर स्थल पर ही हितग्राहियों को पात्रतानुसार नए आवास की स्वीकृति, आवास आवेदन की त्रुटियों का निराकरण, किस्त का भुगतान तथा अधूरे आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के संबंध में कार्यवाही की गई।
शिविर स्थल पर ही संपत्ति के नामांतरण, नए भवन निर्माण की स्वीकृति तथा नियमितीकरण से जुड़े 1117 आवेदनों में से 58 का त्वरित निराकरण किया गया। नए राशन कार्ड का वितरण, राशन कार्ड में त्रुटि सुधार एवं पात्रतानुसार बीपीएल / एपीएल राशन कार्ड बनाकर आवेदकों को दिए गए। राशन कार्ड से संबंधित 21 हजार 701 आवेदनों में से 11 हजार 541 मौके पर ही निराकृत किए गए। भूमि विवाद एवं राजस्व प्रकरणों के 14 हजार 80 आवेदनों में से 3000 आवेदनों का निराकरण भी पखवाड़ा के दौरान किया गया। शिविरों में बिजली, स्ट्रीट लाइट, मवेशी, आवारा कुत्तों, अतिक्रमण, अवैध निर्माण, सडक़ बाधा इत्यादि से संबधित 30 हजार 489 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से निकाय स्तर के 11 हजार 146 आवेदनों का त्वरित समाधान किया गया।