रायपुर
10 साल से एक छोटा सा संशोधन नहीं कर पा रही सरकार, हर साल ट्रिपल आईटी में लैप्स हो रही सीटें
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 अगस्त। प्रदेश में ही राष्ट्रीय संस्थानों में उच्च शिक्षा का वादा करने वाली पिछली दो सरकारों की अनदेखी की वजह से इन दस वर्षों में छत्तीसगढ़ के सौ से सवा सौ बच्चे ट्रिपल आईटी की पढ़ाई से वंचित रह गए। महज एक छोटे से किंतु तकनीकी शिक्षा के इच्छुक बच्चों के लिए अहम संशोधन की अधिसूचना जारी नहीं करने की वजह से। संशोधन न होने के कारण हर वर्ष सीटें लेप्स हो रहीं हैं ।
नवा रायपुर स्थित तकनीकी शिक्षा के सबसे बड़े संस्थान ट्रिपल आईटी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई),कंप्यूटर साइंस (सीएस)और ईसीई के मुख्य पाठ्यक्रम संचालित हैं। जहां प्रवेश के लिए नीट के तहत अभा स्तर पर एडमिशन दिया जाता है। इसमें छत्तीसगढ़ मूल के इक्का दुक्का विद्यार्थी ही प्रवेश ले पाते हैं। और दीगर प्रदेशों के बच्चों का बोलबाला रहता है। इनमें से कई बच्चे तो रायपुर के अलावा कई अन्य संस्थानों के लिए चयनित होने पर यहां की सीट छोड़ जाते हैं ।
ऐसी सीटें हर वर्ष खाली रह जाती हैं। वेटिंग लिस्ट या स्टेट कोटा या मेनेजमेंट कोटे के नाम पर ट्रिपल आईटी के डायरेक्टर डीन को प्रवेश देने की अनुमति का अधिकार नहीं है। अधिकार केवल नॉसकॉम दिल्ली के डायरेक्टर को है। वे भी नहीं कर पा रहे क्योंकि ट्रिपल आईटी रायपुर के संचालक मंडल ने राज्य सरकार को प्रवेश नियम में संशोधन करने का प्रस्ताव भेजा है। नॉसकॉम डायरेक्टर भी मैनेजमेंट कोटे को नाम पर सीट भर पाएंगे। न कि सस्ती फीस का लाभ देते हुए ।
सूत्रों ने बताया कि ट्रिपल आईटी रायपुर के डायरेक्टर ने पहले रमन सिंह और फिर बघेल सरकार यानी 2013-23 के दस वर्ष में तीन बार तकनीकी शिक्षा विभाग को एडमिशन पॉलिसी में संशोधन का प्रस्ताव भेजा था। इसके तहत रिक्त सीटों की पूर्ति मेनेजमेंट कोटे के तहत करने की अधिसूचना जारी करनी थी। लेकिन दो दो सरकारों ने इसे नजऱ अंदाज़ कर इन दस वर्षों में 100 से अधिक होनहार बच्चों के सुनहरे भविष्य को अंधकार में रख छोड़ा है। सबसे आश्चर्य जनक पहलु यह है कि इन 10वर्षों में तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव रहे अफसरों ने भी अनदेखा कर बच्चों के साथ सौतेला व्यवहार किया । जबकि इनमें से कुछ ने तो अपने और नाते रिश्तेदारों के बच्चों के एडमिशन के लिए कई दांव पेंच खेले।
इस संबंध में ट्रिपल आईटी के एडमिशन सेल और डीन कार्यालय के सूत्र बताते हैं कि हमने तीन बार संशोधन का प्रस्ताव सरकार को भेजा,लेकिन मंत्रालय में ध्यान नहीं दिया जा रहा। इसके अतिरिक्त एक और संशोधन का प्रस्ताव भेजा है। इसके मुताबिक किसी छात्र के एडमिशन लेने के बाद,यहां की सीट छोडऩे पर मात्र दो हजार रूपए कटौती कर पूरी फीस वापस करने की सुविधा देने वाली है। चूंकि संशोधन का अधिकार राज्य सरकार. को है इसलिए प्रबंधन दोनो ही मामलों में कुछ नहीं कर सका। यानी रिक्त सीटों पर स्थानीय बच्चों को एडमिशन नहीं मिल रहा और सीट छोडऩे वालों की लाखों की पूरी फीस डूब रही है। युवाओं की उच्च शिक्षा के लिए ये कर रहे, करेंगे के लच्छेदार भाषण देने वाले सरकार के मंत्री अफसरों की अनदेखी छत्तीसगढ़ के बच्चों के भविष्य का बड़ा नुकसान कर रही है।