रायपुर

वन विभाग में 10 दिनों से काम ठप्प
20-Aug-2024 7:49 PM
वन विभाग में 10 दिनों से काम ठप्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 अगस्त। छत्तीसगढ़ दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी संघ के आवाहन पर निरंतर 10 दिनों से 10 सूत्रीय मांग के लिए तथा तूता धरना स्थल हटाने,वेतन भुगतान न होने व नियमितीकरण की मांग के लिए प्रदेश अध्यक्ष रामकुमार सिन्हा, अरविंद वर्मा, गिरधर जैन, शुभम जायसवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रीतम निषाद एवं महामंत्री राजकुमार चौहान के नेतृत्व में हजारों दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों द्वारा आंदोलन किया जा रहा है।

आंदोलनकारियों को सरकार की साजिश के तहत रायपुर शहर से 18 किलोमीटर दूर तूता धरना स्थल में अनुमति दी गई है। जहां कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने आरोप लगाया है कि त्यौहारों के सीजन में वन विभाग के समस्त कामकाज इन हजारों दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के आंदोलन पर जाने के कारण ठप्प पड़े हुए हैं?। तेवहारी सीजन में लोग जंगल सफरी, नंदनवन जैसे क्षेत्रों में परिवार सहित घूमने जाते हैं?। आंदोलनकारी बिना वेतन के काम कर रहे हैं। सरकार के पास अन्य कार्यों के लिए राशि उपलब्ध है, लेकिन वन विभाग में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण व वेतन भुगतान के लिए राशि नहीं है? श्री झा ने कहा है कि शीघ्र हड़ताली कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्या का निदान किया जाए। अन्यथा आंदोलन को और तीव्र किया जाएगा।


अन्य पोस्ट