रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 अगस्त। शनिवार को भाजपा के दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में सदस्यता अभियान को लेकर बैठक हुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ढा,महामंत्री संगठन बी एल संतोष ने बैठक लेकर नई सदस्यता को लेकर राज्य वार लक्ष्य तय किया । छत्तीसगढ़ में करीब 15-16 लाख नए सदस्य बनाएं जाएंगे। ताकि कुल सदस्यता 50 लाख हो सके। राज्य में इस समय कुल सदस्यता 34- 35 लाख के आसपास है।
नई सदस्यता पूरे देश में 20अगस्त से अक्टूबर अंत तक चलेगी। इसके संचालन के लिए पार्टी ने विजया राहटकर को प्रभारी और प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव को बनाया है। वह इसके लिए राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह के साथ 20 अगस्त को जिलों और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक लेने आ रही हैं।
दिल्ली की बैठक में प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन,, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह , प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय , राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक सुश्री लता उसेंडी, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, भरत लाल वर्मा, रामू रोहरा,रामजी भारती, सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी, आदिवासी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम , अनुसूचित जाति के नवीन मारकंडे , बस्तर लोकसभा सह प्रभारी श्रीनिवास मद्दी मौजूद रहे।विजया को छत्तीसगढ़ के साथ कर्नाटक और दिल्ली का भी प्रभारी बनाया गया है।
अभियान ऐसा होगा
1 सितम्बर से 25 सितंबर तक पहला चरण
1 से 15 अक्टूबर द्वितीय चरण
16 से 31 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता अभियान चलेगा
1 से 10 नवंबर तक प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यता का रजिस्टर बनेगा