रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 अगस्त। शहर के गायत्री मंदिर स्थित जगन्नाथ मंदिर में सोमवार को रक्षाबंधन के अवसर पर मंदिर प्रांगण में रक्षाबंधन पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रदेशभर की 21 सौ बहने भगवान जगन्नाथ को रक्षासूत्र बांधकर मंगल कामना करेंगी।
मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष विधायक पुरन्दर मिश्रा ने शनिवार को पत्रकार वार्ता कर बताया कि रक्षाबंधन का त्यौहार भगवान जगन्नाथ सेे जुड़ा हुआ है। पूरे ब्रम्हाण्ड में भगवान जगन्नाथ का एक मात्र मंदिर है जहां भाई-बहन के मूर्ति की पूजा की जाती है। रक्षाबंधन के अवसर पर परंपरागत रूप से रक्षाबंधन के त्यौहार को बड़े धूमधाम से मनाने जगन्नाथ मंदिर में रविवार को रक्षाबंधन का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें प्रदेशभर से बहनों द्वारा 2100 राखियां भगवान जगन्नाथ को बांधी जायेंगी।
श्री मिश्र ने बताया कि इस दिन भगवान जगन्नाथ के बड़े भाई बलभद्र का जन्म दिवस मनाया जाता है। उन्होने बताया कि इसी कड़ी में रक्षाबंधन के अवसर पर 18 अगस्त दिन रविवार को गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ को रक्षासूत्र बांधने का आयोजन मंदिर समिति द्वारा किया गया है। जहां क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े छात्र-छात्राओं को भी आमंत्रित कर रक्षाबंधन के महत्व को बताने का प्रयास किया जायेगा वहीं महिला मोर्चा एवं काफी संख्या में बहनों को आमंत्रित किया गया है। जो कल के कार्यक्रम के विशेष आयोजक होंगे एवं इन्ही बहनों द्वारा कि प्रभू को 2100 राखियां बांधी जायेंगी।