रायपुर
शिक्षा सचिव से मिल फेडरेशन ने जताई आपत्ति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 अगस्त। स्कूल और शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण नीति विद्यार्थियों को विषय ज्ञान से वंचित करने का नीति है।सेटअप में परिवर्तन दोषपूर्ण है।इससे शिक्षा व्यवस्था में प्रगति न होकर अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था चरमरा जायेगा।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा,संरक्षक बी पी शर्मा,सचिव राजेश चटर्जी,प्रचार मंत्री ओंकार सिंह प्रवक्ता जी आर चंद्रा एवं चंद्रशेखर तिवारी का कहना है कि प्राथमिक,माध्यमिक,हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी के विद्यार्थियों को सभी विषयों की शिक्षा के लिये प्रशिक्षित शिक्षक उपलब्ध कराना चाहिए।लेकिन युक्तियुक्तकरण नीति में विषय कक्षाओं की संख्या को ध्यान में रखने के बजाय दर्ज संख्या को आधार बनाया गया है। जोकि युक्तिसंगत एवं व्यवहारिक नहीं है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक विद्यालय में पहली से पांचवीं तक कक्षाओं की संख्या 5 एवं पढ़ाये जाने वाले विषय संख्या 4 है। प्रतिदिन 20 पीरियड होते हैं।
सेटअप-2008 में न्यूनतम एक प्रधानपाठक और दो शिक्षक (1+2) था।सेटअप मापदंड 2022 में 1+2 संरचना था। लेकिन,युक्तियुक्तकरण नीति 2024 में 1+1 किया जा रहा है ! जोकि युक्तियुक्त नहीं है।
फेडरेशन का प्रश्न है कि 5 कक्षाओं को 1 प्रधानपाठक और 1 शिक्षक कैसे पढ़ायेंगे ? यह विचारणीय है।गैर शिक्षकीय कार्य अलग है। उन्होंने बताया कि पूर्व माध्यमिक शाला में कक्षा छटवीं से आठवीं तक कक्षाओं की संख्या 3,विषयों की संख्या 6 और पीरियड 18 होते हैं। सेटअप 2008 में एक प्रधानपाठक और एक शिक्षक (1+4) था।सेटअप मापदंड 2022 में 1+4 था।लेकिन,युक्तियुक्तकरण नीति 2024 में 1+3 किया जा रहा है ! जोकि युक्तियुक्त नहीं है।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी के प्रतिनिधिमंडल में शामिल कमल वर्मा,राजेश चटर्जी,केदार जैन,राकेश शर्मा,तिलक यादव,फारुख कादरी,पीताम्बर पटेल ने सचिव स्कूल शिक्षा सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेसी एवं संचालक लोक शिक्षण श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा से मिलकर तकनीकी विषयों से उनको अवगत कराया है कि स्कूलों का परस्पर समायोजन करने के स्थिति में का समस्या आयेगा। भारत सरकार से मिलने वाला अनुदान बुरी तरह प्रभावित होगा। युक्तियुक्तकरण नीति के निर्देशों से शिक्षा,शिक्षक और शिक्षार्थी तीनों के लिए अहितकर है। फेडरेशन के मानना है कि युक्तियुक्तकरण के दोषपूर्ण निर्देशों में सुधार आवश्यक है। फेडरेशन ने शिक्षा सचिव एवं संचालक शिक्षा से माँग किया है कि फेडरेशन के द्वारा युक्तियुक्तकरण नीति में उठाये गये मुद्दों पर अंतिम निर्णय होते तक इसके क्रियान्वयन पर रोक लगाया जाये।साथ ही चेताया है कि शिक्षा,शिक्षक एवं शिक्षार्थी हित के मुद्दों पर निर्णय नहीं लिया गया तो फेडरेशन बाध्य होकर 24 अगस्त की महाबैठक में युक्तियुक्तकरण नीति पर रणनीति तय करेगा।