रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 अगस्त। दैनिक वेतन भोगी वन कर्मचारी रविवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल में बैठ गए हैं। डिपो, नाका, दिन रात चौकीदार, मंत्री अफसरों के यहां के सेवक भी हड़ताल पर चले गए हैं।
दूसरे ही दिन सोमवार से हड़ताल का असर देखने को मिल रहा है। प्लाटेंशन एरिया में सुरक्षा का आभाव हो गया है। हड़ताल के लंबा खींचने से जंगलों में चोरी, तस्करी भी बढ़ेगी।
पूरे प्रदेश से करीब 5000 कर्मचारी तूता धरना स्थल प्रदर्शनरत हैं । वे अपनी 09 सूत्रीय मांगे पूरी होने तक हड़ताल में रहने की बात कह रहे हैं। इन कर्मियों में ड्राइवर, कम्प्युटर आपरेटर, कार्यालय सहायक, दैनिक श्रमिक, सुरक्षा श्रमिक, तेन्दुपत्ता गोदाम सुरक्षा श्रमिक शामिल हैं। इससे पहले ये कर्मचारी मुख्यमंत्री, वन मंत्री, उप मुख्य मंत्री, वित्तमंत्री विधानसभा अध्यक्ष से मिलकर नियमितीकरण, स्थायीकरण, आकस्मिक्ता कार्यभारित सेवा नियम लागु करने, सीधी भर्ती पर रोक लगाने चर्चा कर चुके हैं। इस हड़ताल को आप पार्टी ने भी समर्थन दिया है।
पार्टी के नगरीय निकाय चुनाव समिति के सदस्य जसवीर सिंह चावला, कर्मचारी विंग के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार झा एवं अनुसूचित जाति विंग के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जांगड़े ने तूता में सभा को संबोधित करते हुए सरकार की वादा खिलाफी की निंदा की। तथा तत्काल नियमितीकरण व वेतन भुगतान की मांग की है।