रायपुर

एक्सप्रेस वे पर अमलीडीह में सर्विस रोड की सुविधा देने सीएम साय से मुलाकात
08-Aug-2024 7:35 PM
एक्सप्रेस वे पर अमलीडीह में सर्विस रोड की सुविधा देने सीएम साय से मुलाकात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 अगस्त। अमलीडीह के निवासियों ने  एक्सप्रेस मार्ग पर अमलीडीह में सर्विस रोड की सुविधा देने सीएम विष्णु देव साय से मुलाकात की । वे आज रात पूर्व सीएम और स्पीकर रमन सिंह से मिलेंगे।

अमलीडीह रहवासी संघ के  प्रतिनिधियों ने सीएम साय को  बताया कि अमलीडीह, राजेंद्र नगर, महावीर नगर के डेढ़ लाख नागरिकों को एक्सप्रेस वे की सुविधा नहीं मिल रही है। इसके कारण यातायात का पूरा  भार वीआईपी रोड और अमलीडीह की सडक़ पर पड़ता है।और हमेशा दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। यदि अमलीडीह में सर्विस रोड का निर्माण हो जाए  तो यहाँ के नागरिकों को शंकर नगर, देवेंद्र नगर, फाफाडीह, इंडस्ट्रियल एरिया, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट आने जाने में सुविधा होगी।

सर्विस रोड के निर्माण के लिए ज़मीन मालिकों ने अपनी अपनी ज़मीन भी दान पत्र के माध्यम से  छत्तीसगढ़ सडक़ विकास प्राधिकरण को दे दी है। और राजस्व रिकॉर्ड में भी चढ़ चुकी है। किंतु फिर भी सर्विस रोड का निर्माण प्रारंभ नहीं हुआ है। अमलीडीह, राजेंद्र नगर एवं महावीर नगर के नागरिकों के साथ सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है।

इतना ही नहीं मुख्य सचिव ने सर्विस रोड के निर्माण को इसलिये रोक दिया गया, क्योंकि ज़मीन मालिकों ने भविष्य में एंट्री की माँग की थी, जिसे मुख्य सचिव ने सिरे से नकार दिया था, किंतु आश्चर्यजनक है की स्काई ऑटोमोबाईल्स एवं तेलींबांधा डेवलपर्स को रायपुर नगर निगम द्वारा सर्विस रोड में एंट्री  की अनुमति 2020 से दे दी गई है।

अमलीडीह से एक्सप्रेस वे मार्ग में आने जाने के लिये चारों तरफ सर्विस रोड का निर्माण कराना आवश्यक है, तथा जो अंडरपास बनाया गया है वो भी नियमानुसार नहीं है। सीएम से मुलाकात में कीर्ति व्यास, राजीव तिवारी, एस के तोमर, निखिल,नीलेश पुरवार शामिल रहे।


अन्य पोस्ट