रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 अगस्त। कौशल्या विहार की समस्याओं के निराकरण मांग को लेकर रहवासियों ने सीएम विष्णुदेव साय और आवास-पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी से अलग-अलग मुलाकात की। साय ने कलेक्टर गौरव सिंह को शिकायतों को देखने के लिए कहा, तो चौधरी ने भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द कौशल्या विहार की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
आवास-पर्यावरण मंत्री ने कहा कि वो कौशल्या विहार की समस्याओं से वाकिफ हैं। समस्याओं के निराकरण के लिए एक बैठक भी ले चुके हैं। दो करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। चौधरी ने भरोसा दिलाया कि थोड़ा समय दीजिए, समस्याओं को जल्द से जल्द हल कर लिया जाएगा।
इससे पहले कौशल्या विहार (कमल विहार) के एक प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से जनदर्शन में मुलाकात की। उन्हें अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया कि 16 सौ एकड़ में विकसित आरडीए की कमल विहार कालोनी में करीब दो हजार परिवार निवासरत हैं और रोजमर्रा की समस्याओं से जूझ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बिजली की सबसे बड़ी समस्या हैं और 12 से 24 घंटे बिजली गुल रहती है। आरडीए के अफसरों को कई बार इस दिशा में ध्यान आकृष्ट कराया गया लेकिन कुछ नहीं हुआ। इसी तरह इस पूरे इलाके में असामाजिक तत्व सक्रिय हैं। कानून व्यवस्था की समस्या आ रही है। ड्रेनेज सिस्टम का भी बुरा हाल है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कमल विहार को विश्वस्तरीय टाउनशिप बनाने का वादा किया गया था जो कि हकीकत से कोसों दूर हैं। यहां के लोग काफी परेशान हैं। सीएम ने कलेक्टर गौरव सिंह को समस्याओं को देखने के लिए कहा है। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. एसके परिहार, बालमुकुंद शर्मा, पन्नालाल सिन्हा, गजेन्द्र अग्रवाल, विनोद मोटवानी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।