रायपुर
अब बड़े और चौड़े विमानों की आवाजाही आसान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 अगस्त। माना एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई बढ़ा दी गई है। यह अब 966 मीटर बढ़ाकर 3250 मीटर कर दी गई है। इससे पहले रनवे की लंबाई 2284 मीटर थी। इस रन वे से विमान आज से उड़ान भरने लगे हैं। एयरपोर्ट डायरेक्टर डॉ. एस. डी. शर्मा ने मीडिया से बताया कि रनवे की टेस्टिंग पिछले 7 महीनों से की जा रही थी। इस दौरान 5 तरह का परीक्षण किया गया । इसके बाद रनवे की सुरक्षा प्रणाली को भी मंजूरी मिल गई है।
यह लंबाई चौड़े आकार वाले विमानों के संचालन के लिए पर्याप्त होगी। रनवे की इस पूरी लंबाई के लिए कैट लाइटें भी आज से चालू कर दी गई हैं। विस्तारित आरडब्ल्यूवाई और सीएटी ढ्ढढ्ढ लाइटों के लिए 8 अगस्त से पहले ही सभी नियामक आवश्यकताओं का अनुपालन किया जा चुका है, जिसमें नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) और नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) से विभिन्न अनुमोदन शामिल हैं।
इस कमीशनिंग में रायपुर एयरपोर्ट की टीम द्वारा असाधारण प्रयास किये गये हैं। विशेष रूप से बीती रात को, मौजूदा आरडब्ल्यूवाई में परिचालन बंद होने के बाद इंजीनियरों और अन्य अधिकारियों की टीम ने पूरी रात काम किया है।
बारिश के कारण एयरपोर्ट पर परिचालन में एक घंटे की देरी हुई। इंडिगो एयरलाइंस के निदेशक (संचालन) एसपीएस नारली को विशेष रूप से नियुक्त किया गया था। हवाई अड्डे के निदेशक एयरपोर्ट निदेशक डॉ. एसडी शर्मा अपनी टीम के साथ एटीसी टॉवर में आपरेशन पर निगरानी की। दिल्ली से इंडिगो एयरलाइन की पहली फ्लाइट 6ई 2062 सुबह 09:01 बजे सफलतापूर्वक लैंड हुई। नए रन - वे पर पहली उड़ान का स्वागत वाटर कैनन सैल्यूट के साथ किया गया। दिल्ली, गोवा, कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई से आने वाली इंडिगो, विस्तारा और इंडिया वन एयर की कुल 8 उड़ानें आरडब्ल्यूवाई की पूरी लंबाई में 1200 बजे तक सफलतापूर्वक आए गए।
रायपुर से नए शहरों के लिए हवाई सेवाएं शुरू की जा रही
रनवे विस्तार के साथ ही हवाई यात्रा फ्लाइट का विस्तार किया जा रहा है. हवाई यात्रियों की बढ़ती संख्या और त्योहारी सीजन को देखते हुए, नए शहरों के लिए हवाई सेवाएं शुरू की जा रही हैं. अब रायपुर से जयपुर और रांची के लिए भी नई फ्लाइट्स शुरू होगी. ये नए उड़ान सितंबर और नवंबर माह के बीच शुरू होने की संभावना है।