रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 अगस्त। सीजी पीएससी 21 भर्ती की जांच कर रही सीबीआई टीम के सूत्रों ने छत्तीसगढ़ को बताया है कि इस मामले में परीक्षा पास कर चुके 18 अभ्यर्थियों से पूछताछ की जानी है। यह नाम 17 जुलाई को पीएससी के नवा रायपुर स्थित दफ्तर व तत्कालीन अध्यक्ष टामन सोनवानी, सचिव रहे जेके ध्रुव और परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक से घर की जांच में मिले दस्तावेज और पूछताछ के बाद चिन्हित किए गए। सूत्रों का कहना है कि इनके चयन में फेवर किए जाने के सबूत हैं। जैसे इंटरव्यू लेने वाले पैनल में टामन सोनवानी भी शामिल थे।
उस तलाशी में उनके घर से बरामद दस्तावेज, इलेक्ट्रानिक डिवाइस को जांच के लिए जब्त किया गया है। वहीं पीएससी कार्यालय में परीक्षा से संबंधित दस्तावेज, कम्प्यूटर हार्ड डिस्क में सेव किए गए डेटा को जब्त किया गया है। साथ ही कर्मचारियों के बयान भी लिए गए है।
आंसर शीट की फोरेंसिक जांच, इंटरव्यू पैनल से भी पूछताछ: पीएससी की 2020 और 2021 के डिप्टी कलेक्टर-डीएसपी की भर्ती परीक्षा में फर्जी तरीके से चयनित उम्मीदवारों के उत्तर पुस्तिका को फोरेंसिक लैब भेजकर जांच कराएगी। इस दौरान लिखे गए सवालों के जवाब और उपयोग की गई स्याही के साथ ही उम्मीदवारों के हस्तलिपि का मिलान करेगी। वहीं इसकी जांच करने वाले संबंधित मूल्यांकनकर्ता को तलब किया जाएगा। बता दें कि परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले उम्मीदवारों के साथ ही इंटरव्यू पैनल के सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। इनसे भी पूछताछ की जाएगी।
मोदी की गारंटी का अहम संकल्प
सर्वविदित है कि पीएससी घोटाला भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र (मोदी की गारंटी)का अहम बिंदु रहा है। और स्वयं मोदी ने भी चुनावी सभाओं में यह वादा कर चुके थे। इसलिए इस मामले की जांच पर दिल्ली की भी नजर रहेगी।दिसंबर में सरकार बनने के बाद इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी। सीबीआई ने बीते 6 मार्च को जांच की अधिसूचना जारी कर दी है।
इनकी नियुक्ति को ननकीराम कंवर ने हाइकोर्ट में चुनौती दी है
- निवेश, डिप्टी कलेक्टर (डीसी), टीएस सोनवानी का पुत्र, सरनेम छिपाया
- साहिल, डीएसपी, टीएस सोनवानी के बड़े भाई का पुत्र, सरनेम छिपाया
- निशा कोशले, (डीसी) सोनवानी के पुत्र नितेश की पत्नी
- दीपा अजगले/आडिल बीईओ, सोनवानी के भाई की बहू
- सुनीता जोशी, लेबर आफिसर, सोनवानी की बहन की पुत्री
- सुमित , (डीसी)
- नेहा खलखो, (डीसी), अमृत खलखो का पुत्री
- निखिल खलखो, (डीसी), अमृत खलखो का पुत्र
- साक्षी ध्रुव, (डीसी) पूर्व सचिव जेके ध्रुव की पुत्री
- प्रज्ञा नायक, (डीसी) ओएसडी के रिश्तेदार के पुत्री
- प्रखर नायक, (डीसी),ओएसडी के रिश्तेदार का पुत्र
- अन्यया अग्रवाल, (डीसी), कांग्रेस नेता की पुत्री
- शशांक गोयल, (डीसी), कांग्रेस नेता सुधीर कटियार का दामाद
- भूमिका कटियार, (डीसी) सुधीर कटियार की पुत्री।
- खुशबू विजोरा, (डीसी) ओएसडी के साढ़ू भाई की पुत्री।
- स्वर्णिम शुक्ला, (डीसी) कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला का पुत्र
- राजेंद्र कौशिक, (डीसी) कांग्रेस नेता एल.कौशिक का पुत्र
- मिनीक्षी गनवीर, (डीसी) गनवीर की पुत्री जो कि लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी के साथ रहता है।
हाईकोर्ट ने इन्हें संयोग कहने को खारिज किया था