रायपुर

गांव में पहुंचकर अधिकारी ढूूंढेंगे जनसमस्याएं, 15-15 दिन में निरीक्षण के निर्देश
05-Aug-2024 5:13 PM
गांव में पहुंचकर अधिकारी ढूूंढेंगे जनसमस्याएं, 15-15 दिन में निरीक्षण के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 अगस्त। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने समय-सीमा की बैठक में शहर के चौक-चौराहों पर भिक्षुकों को रेसक्यू करने अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही भिक्षुकों के पुर्नवास के इंतजाम करने को कहा है, ताकि वहां बेहतर सुविधाएं उन्हें उपलब्ध हो सके। बच्चों को नशे से दूर करने के लिए जागरूक किया जाए। कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि सभी जिला स्तरीय अधिकारी गांवों में पहुंचकर निरीक्षण करें। प्रत्येक अधिकारी 15-15 दिनों के भीतर गांवों में पहुंचे और जन समस्याओं की रिपोर्ट तैयार करें। इसके बाद उन समस्याओं को त्वरित निराकरण की कार्रवाई शुरू करें। आम जनता को इससे बड़ी राहत मिलेगी और विकास कार्यों में भी तेजी आएगी। कलेक्टर ने कहा कि शासकीय विभागों में वर्षों से उपस्थित नहीं होने वाले कर्मियों की सूची तैयार की जाए और उन पर तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की जाए।

कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि जिन नारी निकेतन, बाल संप्रेक्षण गृह में पर्याप्त सुरक्षा की व्यवस्था की जाए। इसके लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित की जाए और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की की जाए। शिविर लगाकर आयुष्मान कार्ड का वितरण किया जाए। जिन भी आवेदकों का मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र अधूरे दस्तावेज होने की वजह से नहीं बने है, इसके लिए दस्तावेज पूर्ण करें और प्रमाण पत्र बनाकर तत्काल जारी किया जाए। जिले के शासकीय अस्पताल में मरीजों को दिए जाने वाले भोजन गुणवत्तापूर्ण हो और आंगनबाड़ी केंद्र व स्कूलों में परोसे जाने वाले भोजन गुणवत्ता में कमी नहीं होनी चाहिए।

जनदर्शन के दौरान की पारागांव अभनपुर निवासी फूलबासन वर्मा ने सामान्य राशनकार्ड को अंतयोदय राशन कार्ड में बदलने के लिए आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कार्रवाई करने का तत्काल निर्देश दिया। बतरसी निवासी सुषमा यादव ने ग्राम पंचायत के सहायिका के पद के लिए आवेदन दिया था। उनको नियुक्ति मिल गया है, लेकिन अभी तक आदेश कापी नहीं नहीं मिली है। जिससे नियुक्ति में देरी हो रही है।

रायपुर के उद्यानों में पदस्थ दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को तीन माह से वेतन नहीं मिलने को लेकर शिकायत,तिल्दा के बहराडीह निवासी तोरन ने बेजा कब्जा हटाने, रवि शर्मा ने वामनराव लाखे वार्ड में जलभराव की समस्या जैसे अन्य आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री विश्वदीप सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 


अन्य पोस्ट