रायपुर

रविवार को मध्य छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा
27-Jul-2024 9:07 PM
रविवार को मध्य छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 जुलाई। एक निम्न दाब का क्षेत्र गंगेटिक पश्चिम बंगाल और उससे लगे उत्तर ओडीशा के ऊपर स्थित है। इसके साथ उपरि हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है तथा यह दक्षिण पश्चिम की ओर ऊंचाई के साथ झुका हुआ है। इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढऩे की संभावना है। मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर श्रीगंगानगर, सीकर, ग्वालियर, सीधी, निम्न दाब का केन्द्र और उसके बाद पूर्व की ओर उत्तर बंगाल की खाड़ी तक, 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक विंड शियर जोन 18 डिग्री उत्तर में 5.8 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।  इनके प्रभाव से प्रदेश में कल 28 जुलाई को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे, एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा भारी वर्षा होने की संभावना है । भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: मध्य छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 10 जिलों में यलो अलर्ट और दो जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

वैसे छत्तीसगढ़ में अब तक 509.2 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी है  राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून  से अब तक राज्य में 509.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून 2024 से 27 जुलाई सवेरे तक  बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1237.1 मिमी और सरगुजा जिले में सबसे कम 196.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है।


अन्य पोस्ट