रायपुर

कांग्रेस का 24 को विधानसभा घेराव
23-Jul-2024 4:47 PM
कांग्रेस का 24 को विधानसभा घेराव

प्रदर्शन से पहले पोस्टर जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 जुलाई।
प्रदेश कांग्रेस की बुधवार को विधानसभा घेराव की तैयारी है। इस कड़ी में पार्टी नेताओं ने बकायदा एक पोस्टर जारी किया है। जिसमें छत्तीसगढ़ को अपराधगढ़ करार दिया है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि छह महीने में भाजपा ने छत्तीसगढ़ को अपराधगढ़ बना दिया है। 

विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शिरकत करने प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट देर शाम यहां पहुंच रहे हैं। कल विधानसभा की कार्रवाई निपटने के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरणदास महंत और सभी विधायक घेराव में शिरकत करेंगे। 

प्रदेश भर से करीब 25 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद जताई जा रही है। सभी जिलों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। कार्यकर्ताओं के ठहरने की व्यवस्था भी की गई है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। घेराव कार्यक्रम में सभी जिलों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। 

वाहनों की पार्किंग के लिए इंतजाम
बिलासपुर की ओर से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए मार्ग- भनपुरी तिराहा से फाफाडीह चौक होकर मरहीमाता चौंक से पुराना बस स्टैण्ड पार्किंग में अपना वाहन पार्क करेंगे। 

दुर्ग-राजनांदगांव की ओर से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए मार्ग- टाटीबंध चौक से जी.ई. रोड होकर कलेक्टोरेट चौक से मल्टीलेवल पार्किंग के किनारे ऑक्सिजोन रोड होकर खालसा स्कूल से पुराना बस स्टैण्ड पार्किंग में अपना वाहन पार्क करेंगे।

जगदलपुर-धमतरी-गरियाबंद की ओर से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए मार्ग- बोरियाकला के पास से एक्सप्रेस-वे मार्ग होकर पण्डरी एक्सप्रेस वे के नीचे से पुराना बस स्टैण्ड पार्किंग में अपना वाहन पार्क करेंगे।

महासमुंद की ओर से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए मार्ग- तेलीबांधा थाना के सामने से मरीन ड्राइव आनंद नगर चौक से केनाल रोड होकर पण्डरी केनाल तिराहा से पुराना बस स्टैण्ड पार्किंग में अपना वाहन पार्क करेंगे।

बलौदा बाजार की ओर से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए मार्ग- सेमरिया डीपीएस स्कूल के सामने नहर मार्ग से नरदहा, बाराडेरा होकर पिरदा चौक रिंग रोड नम्बर-3, राजू ढाबा से राष्ट्रीय राजमार्ग 53 होकर तेलीबांधा थाना के सामने से मरीन ड्राइव आनंद नगर चौक से केनाल रोड होकर पण्डरी केनाल तिराहा से पुराना बस स्टैण्ड पार्किंग में अपना वाहन पार्क करेंगे।

 


अन्य पोस्ट