रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 जुलाई। सरकार बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट का चरणबद्ध रूप से 4-सी श्रेणी में विकसित करेगी। यह जानकारी विधानसभा में सीएम विष्णु देव साय ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
भाजपा सदस्य धर्मजीत सिंह के सवाल के जवाब में सीएम ने बताया कि राज्य सरकार बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट बिलासपुर को चरणबद्ध रूप से 4-सी श्रेणी में विकसित करने की योजना पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 4-सी श्रेणी में विकसित करने की कार्रवाई के अंतर्गत एयरपोर्ट का उन्नयन 3-सी वीएफआर श्रेणी से 3-सी आईएफआर श्रेणी में करने की कार्रवाई की जा रही है।
साय ने बताया कि एयरपोर्ट में रात्रि उड़ान सेवा संचालन के लिए नाईट लैंडिंग की सुविधा के लिए रनवे की लाईटिंग और विद्युतीकरण व रनवे चौड़ीकरण का कार्य पूरा किया जा चुका है। एयरपोर्ट के 4-सी श्रेणी में विकास के लिए 286.65 एकड़ सैन्य भूमि के उपयोग के लिए सेना से अनापत्ति प्राप्त कर ली गई है। भूमि का सीमांकन कार्य किया जाना है।