रायपुर

गुढिय़ारी से ले जाकर मंदिर हसौद में युवक की सारी रात बेदम पिटाई
18-Jul-2024 6:51 PM
गुढिय़ारी से ले जाकर मंदिर हसौद में युवक की सारी रात बेदम पिटाई

मरा समझ, पिटाई स्थल से 30 किमी दूर सडक़ पर छोड़ भागे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 जुलाई। राजधानी में एक बार फिर हाफ मर्डर का मामला सामने आया है। पुराने विवाद पर आरोपी प्रिंस बागड़े, अंशुल और उसके एक अन्य साथी ने पहले युवक शंकर सिंह ठाकुर गुढिय़ारी में पिटाई की और उसके बाद  कार में बिठाकर मंदिर हसौद ले गए और एक अज्ञात जगह ले जाकर बंद कमरे में बेसबॉल के बैट से  बेदम पिटाई की। युवक मां मां कर कराहता रहा। अंत में चाकू से भी हमला किया। बताया जा रहा है कि शंकर की वजह से प्रिंस पूर्व में जेल की सजा काट चुका था।

रातभर पिटाई के बाद घायल बेहोश शंकर को मरा समझ कर वहां से 30 किमी दूर सडक़ पर डाल कर भाग गए। तडक़े होश आने पर शंकर ने किसी राहगीर की मदद से 112 की मदद से पहले मंदिर हसौद के अस्पताल और फिर वहां से मेकाहारा, डीकेएस पहुंचा। यह घटना तीन दिन पहले 15 जुलाई की बताई गई है। इस पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस के लिए सबसे चुनौती की बात यह है कि फरार आरोपी प्रिंस बागड़े ही यह वीडियो इंस्टाग्राम में शेयर कर रहा है।वायरल किया है। वह भी एक नहीं दो दो बार सुबह 5 बजे और फिर 11 बजे। इस घटना पर इलाके के प्रभारी पुलिस अधिकारियों ने अनभिज्ञता जताई है। घटना के तीन दिन बाद भी आरोपी पकड़ से बाहर हैं। हालांकि पुलिस आरोपियों के मोबाइल लोकेशन के जरिए पतासाजी कर रही है।


अन्य पोस्ट