रायपुर
सीएम साय, शर्मा के साथ दिल्ली पहुंचे, साव-ओपी रात को जाएंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा दिल्ली रवाना हुए, वही डिप्टी सीएम अरुण साव और वित्तमंत्री ओपी चौधरी भी आज दिल्ली रवाना होंगे, दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों के साथ मुलाकात करेंगे, यहां उनकी आलाकमान से मीटिंग तय मानी जा रही है. सीएम साय के दौरे की खबर के बीच फिर से प्रदेश में कैबिनेट के विस्तार की चर्चा की शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री दिल्ली दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ सदन में रात्रि विश्राम करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख़्यमंत्री विजय शर्मा दो दिन के दौरे पर दिल्ली पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए सीएम साय ने कहा कि केंद्रीय मंत्री से आज मुलाकात का समय मिला है, गृहमंत्री अमित शाह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जेपी नड्डा और रेल राज्य मंत्री से मुलाकात करेंगे। अचानक मंगलवार शाम ही तय हुए दौरे को लेकर बताया जा रहा है कि दिल्ली में होने वाली महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़ के मंत्रिमंडल के विस्तार और निगम मंडलों की सम्बन्ध में चर्चा की जा सकती है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव और वित्तमंत्री ओपी चौधरी भी आज रात दिल्ली के लिए रवाना होंगे। सीएम साय कल 18 जुलाई को आरएसएस की मुख पत्रिका के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
डोडा हमले पर हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर सीएम ने कहा है कि किस तरह से घर में घुसकर मारे हैं। कैसे सर्जिकल स्ट्राइक,एयर स्ट्राइक की है। बता दें कि कल असदुद्दीन ओवैसी ने कहा था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़ी-बड़ी बातें करते थे। वह कहते थे कि हम घर में घुसकर मारेंगे। फिर ये सब क्या हो रहा है? यह पूरी तरह से सरकार की नाकामी है। आतंकवाद को कंट्रोल नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डोडा में जो हुआ है वो जगह तो एलओसी से बहुत दूर है। इसलिए यह बड़ी खतरनाक बात है।
कांग्रेस आउटगोइंग पार्टी-अग्रवाल
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने राज्य सरकार के कामकाज को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने बैज से कहा कि पहले वे अपनी कांग्रेस सरकार की बात करे। जब सीएम बघेल उनकी ही बात नहीं सुनते। अग्रवाल ने कांग्रेस को आउटगोईंग पार्टी बताते हुए कहा कि हारने के बाद कांग्रेस के पास कुछ नहीं बचा है। कांग्रेसी बिन जल मछली की तरह तड़प रहे हैं। प्रशासन ने भ्रष्टाचार बंद हो गया है, और कांग्रेसियों को पैसा मिलना भी बंद।