रायपुर
हर घर ऐसे ही ठगा जा रहा गैस संचालकों से
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 जुलाई। खाद्य विभाग ने कम गैस भरा एलपीजी सिलेंडर सप्लाई का ?मामला दर्ज किया है। यह सिलेंडर शंकर नगर के निकिता गैस एजेंसी से सप्लाई किया गया था ।मोवा ओवर ब्रिज के नीचे प्रेमनगर के सोनिया चौक निवासी कय्यूम ने 27जून को रि फिल बुक किया था। इस पर एजेंसी ने अगले ही दिन रि फिल दिया। कय्यूम के घर वालों ने एजेंसी के कर्मचारी को सामने ही सिलेंडर को तौला। उसमें 4.220 ग्राम गैस कम थी। परिवार ने आपत्ति की और एजेंसी के संचालक से फोन पर बात की तो उन्होंने 29 जुलाई को पूरा भरा सिलेंडर भिजवाने की बात कही। लेकिन 3 जुलाई तक सिलेंडर नहीं भेजा गया। इस पर कय्यूम और जिला खाद्य अधिकारी भूपेंद्र मिश्रा के पास जाकर लिखित शिकायत की।
मिश्रा ने अगले दिन टीम भेजकर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर रवाना कर दिया । और टीम नहीं आई। कय्यूम ने फिर मीडिया का सहारा लिया तो आज खाद्य अमला पहुंचा और पंचनामा कर खाना पूर्ति कर लौट आई। इन कर्मियों ने गैस एजेंसी पर कोई कार्रवाई नहीं की।
कय्यूम और परिजनों की जागरूकता से यह मामला उजागर हुआ लेकिन कार्रवाई सिफर रही। इससे यह आरोप कई मायनों में सही लगता है कि एजेंसी संचालक और खाद्य अमले में पूरी सांठगाठ रहती है। इसी वजह से गैस समय से पहले खत्म होने की शिकायतें आम हो चली हैं । यह हर घर की समस्या है। और खाद्य अमला आंख बंद किए हुए है। और गैस एजेंसी संचालक पूरे पैसे लेकर गैस की चोरी कर रहे हैं। वे अपने गोदामों में रिफिल उपरकणों की मदद से हर दो से तीन सिलेंडर में से तीन-चार किलो गैस निकालकर एक नया रिफिल सिलेंडर तैयार कर कालाबाजारी कर रहे हैं। कुछ समय पहले पुरानी बस्ती में एक ऐसे ही गैस एजेंसी को खाद्य विभाग ने नहीं पुरानी बस्ती पुलिस ने पकड़ा था।