रायपुर
शनिवार को शहरभर में जमकर बरसे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 जुलाई। प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कई जिलों में बारिश हुई। राजधानी सुबह से काले बादल छाए रहे, जो दोपहर तक शहरभर में जमकर बारिश हो गई। जिसके बाद हल्की बूंदाबदी का दौर जारी रहा । मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। शुक्रवार को भी प्रदेश के कुछ इलाकों में अच्छी बारिश हुई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में अभी तक सामान्य से कम बारिश हुई है। पूरे छत्तीसगढ़ में 1 जून से अभी तक 218 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यह बारिश सामान्य से करीब 29 फीसदी कम है। बेमेतरा और सरगुजा जिलों में सबसे कम बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि 15 जुलाई से प्रदेश में अच्छी बारिश होगी। एक नया मानसूनी सिस्टम एक्टिव हो रहा है। जिसका असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, ज्यादातर जिलों में बारिश की संभावना है।
इन जिलों में अलर्ट-मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश की संभावना है। गरियाबंद, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर, धमतरी, बालोद, जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, बीजापुर में जोरदार बारिश की संभावना है। वहीं, प्रदेश के दूसरे जिलों में भी हल्की या फिर मध्यम बारिश हो सकती है।