रायपुर
रायपुर, 12 जुलाई। राजभवन में आज राजस्थान, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, और गोवा राज्यों का स्थापना दिवस उत्साह पूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने कहा कि हमारा संकल्प हो कि सभी अपनी विविधताओं के साथ एक आदर्श और मजबूत भारत के निर्माण के लिए मिलकर काम करें। छत्तीसगढ़ में निवास करने वाले राजस्थान, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, और गोवा के लोगों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर राजस्थानी समाज के प्रतिनिधि पूर्व सांसद सुनील सोनी, हिमाचल प्रदेश के पुरातत्व एवं संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य, बंगाली समाज से रितेश तरूण चटर्जी और महाराष्ट्रीयन समाज के प्रतिनिधि अजय मधुकर काले ने अपने-अपने राज्यों की उपलब्धियों और विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब छत्तीसगढ़ ही उनका घर है। कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने कोली, बाउल, धुनुची लोकनृत्य सहित इन राज्यों के विविध रंगों से सजी लोकनृत्यों की प्रस्तृति दी। राज्यपाल ने सभी राज्यों के प्रतिनिधियों को राजकीय गमछ े और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। श्री हरिचंदन को भी इन राज्यों के प्रतिनिधियों ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। आभार प्रदर्शन राज्यपाल की उप सचिव श्रीमती हिना अनिमेष नेताम ने किया। कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव यशवंत कुमार,इन राज्यों के प्रतिनिधि, युवा, महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।