रायपुर

पहलाजानी अस्पताल में बच्चा बदलने का मामला, आप ने साय सरकार पर हमला बोला
12-Jul-2024 5:02 PM
पहलाजानी अस्पताल में बच्चा बदलने का मामला, आप ने साय सरकार पर हमला बोला

पीडि़त पक्ष को जल्द न्याय दिलाने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 जुलाई। 
पहलाजानी टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर में बच्चा बदल दिए जाने का मामला फिर से गरमाने लगा है। परिजनों को सात माह बाद भी न्याय न मिलने पर आम आदमी पार्टी ने साय सरकार की घोर निंदा की है। 

शुक्रवार को आम आदमी के मुख्य प्रवक्ता सूरज उपाध्याय, और प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला ने प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारवार्ता कर कहा कि साय सरकार में प्रदेश की जनता को न्याय नहीं मिल पा रहा है। साय राज में छत्तीसगढ़ के अस्पतालों, पुलिस विभागों में मिली भगत का खेल चल रहा है। सात माह पूर्व शहर के पहलाजानी निजी नर्सिंग होम में बचेली की एक महिला की डिलवरी हुई थी। जहां उसे दो जुड़वा बच्चे हुए एक लडक़ा और एक लडक़ी। लेकिन बाद अस्पताल प्रबंधन ने बच्चों में हेरफर कर दी। यह बताया गया कि दोनों लडक़ी है। परिजनों को शक होने पर डीएनए टेस्ट कराया तो एक बच्ची से डीएनए 90 फीसदी मैच हुआ जबकि दूसरे से जीरो प्रतिशत।

प्रभावित पक्ष के अशोक सिंह ने अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाया कि लडक़े को बदल दिया गया। इसकी शिकायत सीएम तक होने के बाद अब जांच कमेटी बनी है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी आगे की कार्रवाई करने की बात कही थी। 

इस जांच कमेटी में शिशु रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ और नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अफसर को शामिल किया गया है। जांच की गाइडलाइन भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बनाई है। इसमें पीडि़त अशोक सिंह, उनकी पत्नी उषा सिंह, अस्पताल प्रबंधन और अस्पताल में इलाज कराने वाले रायपुर के दो और परिवारों से पूछताछ करने का आश्वासन दिया गया।

यह बताया गया कि अशोक सिंह की पत्नी उषा सिंह की बच्चे की चाह लेकर टेस्ट ट्यूब की प्रक्रिया अप्रैल 2023 शुरू किया गया। दिसंबर 2023 में पत्नी की तबीयत बिगडऩे पर रायपुर पहुंचे और पहलाजानी टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर, अनुपम नगर में भर्ती कराया। कुछ समय बाद जब उसे बाहर निकाला गया तो पत्नी को बताया गया कि एक बेटा एक बेटी हुई है। बाद अस्पताल स्टाफ ने मां को जुड़वां बच्ची लाकर सौंपीं। जब पति ने एक बेटा होने के बारे में पूछा तो अस्पताल स्टाफ ने इससे साफ इनकार दिया। 

शक होने पर अशोक सिंह ने पुलिस में शिकायत की। इसके बाद पुलिस के द्वारा आरोपी पक्ष का समर्थन करते हुए समझौता करने की बात की गई। परिजनों के इनकार करने पर पुलिस ने आज तक आरोपी पक्ष के खिलाफ कोई कार्रवाई अब तक नहीं की है। स्वास्थ्य विभाग ने भी जांच कमेटी बनाकर जांच करने का आश्वासन देकर अपना पलड़ा झाड़ रही है। 
 


अन्य पोस्ट