रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 जुलाई। दस दिनों बाद 22 जुलाई से शुरू होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में सत्तापक्ष जिसे ट्रेजऱी बैंच कहा जाता है,उसकी बैठक व्यवस्था बदली हुई होगी। सांसद बने बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफे के बाद उनकी फ्रंट सीट पर कौन बैठेगा, यह सीएम विष्णु साय तय करेंगे।
विधानसभा सचिवालय ने सीएम साय को इसका आग्रह पत्र भेज दिया है । संकेत हैं और परंपरा भी रही हैकि संसदीय कार्य मंत्री ट्रेजरी बेंच में प्रथम पंक्ति में बैठा करते हैं ।ऐसे में नए मंत्री केदार कश्यप के बैठने की संभावना अधिक है। अभी वे सीएम साय के पीछे वाली सीट पर बैठते रहे हैं। कश्यप को गुरूवार देर रात ही संसदीय कार्य विभाग का जिम्मा दिया गया । केदार, आदिवासी वर्ग से पहले संसदीय कार्य मंत्री होंगे। अब तक की सरकारों में बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर और रविंद्र चौबे रहे हैं।
बहरहाल मानसून सत्र की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सत्र की पांच दिनों की बैठक का विषय वस्तु भी लगभग तय मानी जा रही है। विधायकों ने प्रश्नकाल के लिए कुल 965 प्रश्न जमा किए हैं। इनमें सत्तापक्ष के विधायकों की संख्या अधिक है । पांच बैठकों के लिए इतने अधिक प्रश्नों को काफी अहम माना जा रहा है। वहीं 15 जुलाई से ध्यानाकर्षण की सूचनाएं जमा होंगी। वहीं सत्ता पक्ष की ओर से प्रथम अनुपूरक बजट की सूचना है।वहीं एक दो संशोधन विधेयक भी पेश होने की चर्चा है। इनमें महापौर और निकाय अध्यक्ष के सीधे चुनाव से संबंधित विधेयक प्रमुख है। साथ ही विस सदस्यों की सुविधाओं को लेकर भी संशोधन विधेयक लाए जाने की चर्चा है। सरकार अपना पहला अनुपूरक बजट पहले ही दिन पेश कर सकती है।
सत्र का एक और अहम आकर्षण होगा,महालेखाकार की रिपोर्ट । महालेखाकार वित्त वर्ष 23-24 की आडिट रिपोर्ट पेश करेगा। यह बघेल सरकार के कार्यकाल के अंतिम वर्ष के आय व्यय पर आधारित होगी। इसे लेकर सदन में हमले देखने को मिलेंगे। 24 जुलाई को कांग्रेस ने विधानसभा घेराव की भी घोषणा की है।