रायपुर

आरटीओ दफ्तर में ट्रक ट्रेलर मालिक, ड्राइवरों का प्रदर्शन
11-Jul-2024 9:03 PM
आरटीओ दफ्तर में ट्रक ट्रेलर मालिक, ड्राइवरों का प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 जुलाई। सरकारें बदलने के बाद भी आरटीओ ऑफिस की भ्रष्ट व्यवस्था मेें सुधार नहीं आ रही है। वास्तविक शुल्क देने वालों के  हर काम को दिनों महीने लटकाना और दलाली देने वालों के काम मिनटों में होना यहां का रिवाज हो चुका है।  आज दोपहर 50 से ज्यादा वाहन मालिकों  ने प्रदर्शन किया गया है। इनका कहना है कि गाडिय़ों के फिटनेस चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। फिटनेस करने वाली कंपनी का अमला ड्राइवरों  से पैसे मांग रहा है।  नहीं देने पर गाडिय़ों को घंटो खड़ा किया जा रहा । विभाग में शिकायत करने पर कंपनी का मैनेजर मौके से फरार हो गया है। जिले के समस्त वाहन संचालक जिसमें की ट्रेलर , डाला बॉडी ट्रक, फट्टा टेलर वाहन संचालकों ने मोटर साइकिल रैली निकालकर शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए आरटीओ ऑफिस पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की। फि़टनेस के समय लगाया जाने वाला रेडियम की वास्तविक क़ीमत केवल लगभग 500 रुपये से 600 रुपये होता है, जबकि कुछ ख़ास लोगों को इसकी एजेंसी देकर 3500 रुपये वसूला जा रहा है।  रेडियम जिस प्रकार पहले वाहन मालिक लगवा लेते थे उसी प्रकार पुन: उन्हें किसी भी दुकान से लेकर लगाने दिया जाए।  जिन गाडिय़ों में पहले से स्पीड गवर्नर लगा है उसे माना जाये तथा नये गवर्नर के नाम पर 4500 रुपये की वसूली तत्काल प्रभाव से बंद की जाये। राज्य सरकार के नियमानुसार परमिट का नवीनीकरण नई तिथि से किया जाये ना की पुरानी तिथि से। चेकिंग के दौरान चौक चौराहों पर गाड़ी का पेपर ले के चले जाने की वजह से मालिक को पुरा दिन परेशान होना पड़ता है तथा गाड़ी भी खड़ी रहती है और वाहन मालिक को अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इसे तत्काल प्रभाव से बंद किया जाये। यदि वाहन में कोई भी प्रकार का अनैतिक कार्य किया जा रहा है जिससे कि आप के विभागीय अधिकारियों को उससे पेपर लेने की आवश्यकता महसूस होती है तो तत्काल स्पॉट पर ही कार्यवाही की जाए।  उन्हें बेवजह परेशान करते हुए उनके पेपर्स लेकर वाहन संचालकों को अनावश्यक ऑफिस के चक्कर न  लगवाया जाए।


अन्य पोस्ट