रायपुर

रायपुर दक्षिण में बेहतर प्रत्याशी के लिए सर्वे कराएगी कांग्रेस
11-Jul-2024 4:46 PM
रायपुर दक्षिण में बेहतर प्रत्याशी के लिए सर्वे कराएगी कांग्रेस

 बूथवार बैठकें जल्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 जुलाई। रायपुर दक्षिण उपचुनाव की तिथि अभी घोषित नहीं हुई है, लेकिन कांग्रेस ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इस कड़ी में  बेहतर प्रत्याशी के चयन के लिए पार्टी सर्वे भी कराएगी। सर्वे रिपोर्ट को ध्यान में रखकर प्रत्याशी तय किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बुधवार को रायपुर दक्षिण उपचुनाव के लिए बैठक भी ली थी। बैठक में उपचुनाव को पूरे दमखम के साथ लडऩे का फैसला लिया गया। बैज ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की गुजारिश की है। इससे परे टिकट को लेकर भी अभी से खींचतान चल रही है।

मेयर एजाज ढेबर के समर्थकों ने उन्हें टिकट देने की मांग की है। इन सबके बीच सर्वे कर प्रत्याशी तय करने का सुझाव भी आया है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत भी इससे सहमत बताए जाते हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रत्याशी चयन से पहले स्थानीय लोगों और आम कार्यकर्ताओं के बीच सर्वे कराए जाएगा। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रत्याशी तय किया जाएगा। चर्चा यह भी है कि प्रत्याशी जल्द घोषित कर दिया जाए, ताकि प्रत्याशी को प्रचार के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

बताया गया कि शहर जिला कांग्रेस को रायपुर दक्षिण के सभी 224 बूथों में कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के लिए कहा गया है। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव में प्रदेश में सबसे ज्यादा वोटों से रायपुर दक्षिण सीट से ही हार मिली थी।

लोकसभा चुनाव में भी रायपुर दक्षिण सीट से कांग्रेस प्रत्याशी करीब 89 हजार मतों से पीछे रह गए थे। ऐसे में यहां मुकाबला चुनौतीपूर्ण है, और जब से सीट अस्तित्व में आई है भाजपा का यहां कब्जा है। जबकि मेयर एजाज ढेबर और सभापति प्रमोद दुबे इसी इलाके के रहने वाले हैं। बहरहाल, आने वाले दिनों में कांग्रेस यहां सक्रियता तेज करेगी।


अन्य पोस्ट