रायपुर
रायपुर, 10 जुलाई। जिला प्रशासन और निगम द्वारा राजधानी में स्टार्टअप के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को निखारने और प्रोत्साहित करने के लिए अभिनव कदम उठाए जा रहे हैं। युवाओं के लिए जयस्तंभ मल्टीलेवल पार्किंग और आईएसबीटी बस स्टैंड की तीसरी मंजिल पर न्यूनतम शुल्क पर पर्याप्त स्थान और वातावरण उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। इसके लिए निगम के बजट में इनक्यूबेशन एवं कोवर्किंग सेंटर की स्थापना के लिए लगभग 5 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। वर्तमान में, नगर निगम के जोन 4 द्वारा जयस्तंभ चौक के पास पुराने बस स्टैंड मल्टीलेवल पार्किंग की तीसरी मंजिल पर पार्टीशन और फर्नीचर का काम पूरा कर लिया गया है।
विभिन्न स्टार्टअप कंपनियों को 10-दिवसीय प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। विशेषज्ञ युवाओं के लिए स्टार्टअप पहल को बढ़ाने के लिए निरीक्षण और सुझाव देंगे। इसी तरह अंतरराज्यीय बस स्टैंड की तीसरी मंजिल पर इनक्यूबेशन कम कोवर्किंग सेंटर का निर्माण कार्य नगर निगम मुख्यालय के माध्यम से चल रहा है। जिसका पहला चरण 19 अगस्त तक पूरा हो जाएगा, जिसमें 100 सीटें होंगी।