रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जुलाई। प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख नेता बुधवार को राजीव भवन में जुटे। बैठक में प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा हुई, और आने वाले समय में सरकार के खिलाफ अभियान तेज करने पर जोर दिया गया। बैठक में विधानसभा सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की अध्यक्षता में हुई बैठक में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, और पूर्व सीएम भूपेश बघेल प्रमुख रूप से मौजूद थे। बैठक में दोनों सांसद ज्योत्सना महंत, और फूलोदेवी नेताम को भी आमंत्रित किया गया था। इसके अलावा पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू, रविन्द्र चौबे, धनेन्द्र साहू, और अन्य नेताओं को बुलाया गया था।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में बलौदाबाजार घटना का जिक्र हुआ, और यह कहा गया कि ऐसी घटना प्रदेश में पहली बार हुई है, और यह शासन की विफलता है। यही नहीं, सरकारी विभागों में हर स्तर पर भ्रष्टाचार की भी बात कही गई।
विधानसभा के मानसून सत्र में सरकार की विफलताओं को प्रमुखता से उठाने पर सहमति बनी है। यही नहीं, आने वाले समय में सडक़ की लड़ाई, और तेज करने पर जोर दिया है।