रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 जुलाई। पेंड्रावन स्थित पं. लखन लाल मिश्र जलाशय को बचाने के लिए 7 जुलाई को किसान संघर्ष समिति 7 जुलाई को प्रभावित गांवों की एक बैठक 7 जुलाई को बुलाने जा रही है। इसमें अल्ट्राटेक कंपनी की खनन परियोजना शुरू होने से उपजी परिस्थितियों पर विचार किया जाएगा।
पेंड्रावन जलाशय बचाओ संघर्ष समिति की बैठक 4 जुलाई को हुई। संघर्ष समिति के सचिव घनश्याम वर्मा व छत्तीसगढ़ बचाओ आंदोलन के सदस्य आलोक शुक्ला ने बताया कि जल संसाधन विभाग ने 3 जनवरी 2017 को अल्ट्राटेक कंपनी को जलाशय के कैचमेंट एरिया में खनन के लिए एनओसी जारी किया था। किसानों के आंदोलन के बाद 20 मार्च 2017 को विभाग द्वारा जारी एनओसी तत्कालीन जल संसाधन मंत्री के आदेश पर निरस्त कर दिया गया था। इस आदेश को खनन कंपनी ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। 25 अप्रैल 2024 को निरस्तीकरण के आदेश को खारिज करते हुए न्यायालय ने सरकार को निर्देश दिया था कि कंपनी को सुनवाई का अवसर दिया जाए और तीन माह के भीतर निर्णय लिया जाए। अब किसानों को चिंता है कि सरकार कंपनी के पक्ष में फैसला देकर यहां खनन की अनुमति दे सकती है। इसके लिए 7 जुलाई को प्रभावित गांवों की बैठक बुलाई गई है। साथ ही जल संसाधन मंत्री से मिलकर अपना विरोध जताने का निर्णय लिया गया है।
ज्ञात हो कि रायपुर के पेंड्रावन जलाशय से करीब 2500 हेक्टेयर जमीन पर किसानों की खेतों को सिंचाई की सुविधा मिलती है। इसके कैचमेंट के 689 हेक्टेयर क्षेत्र में अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के लिए लाइम स्टोन का खनन प्रस्तावित है। जलाशय का कुल जलग्रहण क्षेत्र 25.47 वर्ग किलोमीटर है। इसमें जलग्रहण का हिस्सा 85.27 प्रतिशत है। किसानों का कहना है कि खनन की अनुमति देने से जलग्रहण का हिस्सा घटकर 32.9 प्रतिशत रह जाएगा। इससे बांध में पानी का भराव बहुत कम हो जाएगा और इसकी उपयोगिता ही समाप्त हो जाएगी।