रायपुर

प्रयास के 33 छात्रों का आईआईटी में चयन
18-Jun-2024 7:28 PM
प्रयास के 33 छात्रों का आईआईटी में चयन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 जून। गांवों के युवाओं का अब सपना साकार होने लगा है। रायपुर के सड्डू स्थित प्रयास में तैयारी कर रहे 33 छात्रों ने जेईई मेंस एडवांस की परीक्षा में उत्तीर्ण कर आईआईटी में क्वालीफाई कर परचम लहराया है। युवाओं ने कड़ी मेहनत से एक बड़ा मुकाम हासिल किया है। इससे उनका उत्साह दोगुना हो गया है। इन युवाओं का सपना है कि वे बेहतर संस्थान से शिक्षा लेकर गांवों की तरक्की कर आगे बढ़ाए। इनकी काउंसिल प्रक्रिया चल रही है. जल्द ही उन्हें अच्छे संस्थान आबंटित हो जाएंगे। चयनित युवाओं ने राज्य शासन को धन्यवाद ज्ञापित किया।

मानपुर-मोहला के भर्रीटोला गांव के कुलदीप कुमार ने कैटेगरी रैंक में 459 वां स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया कि पिछले दो साल से शासन द्वारा संचालित प्रयास कोचिंग संस्थान में अध्ययनरत है।  कुलदीप चाहते है कि खडग़पुर आईआईटी संस्थान से मैकेनिकल ब्रांच में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर अच्छी संस्थान में जॉब करना चाहते है।

जशपुर के रूद्राक्ष भगत ने कैटेगरी रैंक में 825 वां स्थान हासिल किया है। वे कम्प्यूटर साइंस ब्रांच की पढ़ाई करना चाहते है। उनका सपना है कि साफटवेयर इंजीनियर बनकर खुद की कंपनी बनाए। वे इस क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार देना चाहते है।

जगदलपुर के दरभा के  शुभम कश्यप का 1801 वां कैंटेगरी रैंक आया है। हमारा प्रदेश एक खनिज बहुल राज्य है। अत: माइनिंग इंजीनियर बनकर यहां की प्रगति में योगदान देना चाहते है।

सरगुजा के ग्राम बतौली के निवासी  आदर्श राज पैंकरा ने 1661 वां  रैंक प्राप्त किया है। वे आईआईटी मुंबई में प्रवेश लेकर माइनिंग ब्रांच में पढ़ाई करना चाहते है। बालोद के ढोमनी गांव के लीलाधर ठाकुर ने जेईई में कड़ी मेहनत कर उत्तीर्ण किया है। वे कहते है कि आगे की पढ़ाई एक बेहतर संस्थान में प्रवेश लेकर आगे की पढ़ाई करना चाहते हैं ।


अन्य पोस्ट