रायपुर

तेलीबांधा तालाब में सैकड़ों मछलियां मरीं, निगम कर रहा वाटर ट्रीटमेंट
18-Jun-2024 4:33 PM
तेलीबांधा तालाब में सैकड़ों मछलियां मरीं, निगम कर रहा वाटर ट्रीटमेंट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 जून। तेलीबांधा तालाब में बड़ी संख्या में तलबिया मछलियों की मौत हो गई है। मंगलवार सुबह मार्निंग वाक पर गए लोगों के बीच यह कौतूहल का विषय रहा। लोगों ने मोबाइल पर वीडियो बनाकर वायरल भी किया। यहां पर काम करने वाले सफाई कर्मचारियों ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से ऐसा ही मंजर है पानी में बदबू ना आए इसलिए ब्लीचिंग पाउडर डाला गया था और रोज कई क्विंटल मछलियां की सफाई तालाब से की जा रही है। रविवार को बदबू से हाल बेहाल था।

बता दें कि तालाब के पानी में आक्सीजन की कमी की जानकारी मिलने पर निगम प्रशासन  तालाब के किनारे चुना, ब्लीचिंग पावडर की बोरियां रखवाकर  पानी में ऑक्सीजन की मात्रा शीघ्र बढ़ाने 10 दिनों से ट्रीटमेंट करा रहा है। इनके पानी  में घुलने से तेलीबाँधा तालाब के पानी में ऑक्सीजन की मात्रा शीघ्र बढ़ सके एवं यह तालाब में मछलियों के जीवन की सुरक्षा की दृष्टि से उपयोगी सिद्ध हो सके।

यह सर्वविदित  है कि मरीन ड्राइव बने तालाब के पास सुबह और शाम से आधी रात तक लोगों की भीड़ रहती है। और इस दौरान स्ट्रीट फूड का भी बड़ा कारोबार चलता है । खाने के शौकीन प्लास्टिक के प्लेट,कप, पेपर ग्लास, कोल्ड ड्रिंक की बोतलें और अन्य गंदगी तालाब में फेंक जाते है। इससे पानी प्रदूषित होकर इन बेजूबां मछलियों की जान ले रहा है।  यह भी आशंका जताई जा रही है कि वाटर ट्रीटमेंट के दौरान डाले जा रहे चूना और ब्लीचिंग पाउडर की मात्रा अधिक होने या इनके एक्सपायरी होना भी एक कारण हो सकता है ।

डॉक्टरों की सलाह

इस बीच डॉक्टरों ने सलाह दी है कि इलाके में स्थित रेस्टोरेंट और ठेलों में बिकने वाले मछली से बने व्यंजन न खाएं। क्योंकि यह शंका प्रबल है कि ये मछलियां खरीदी गई होंगी, और इस्तेमाल भी हुई होंगी। ये मछलियां खाने योग्य बताई गई है।

आयुक्त मौके पर

आयुक्त अबिनाष मिश्रा ने पूर्वान्ह तालाब देखने पहुंचे। मछलियों की सुरक्षा के लिए  एजेंसी को बुलवाकर मछलियों के लिए लाभदायक दवा छिडक़ाव  करवाने के निर्देश दिए । जल जीव विशेषज्ञ आलोक महावर ने उन्हें बताया गर्मी में तामपान में अधिक वृद्धि होने से एवं पानी का लेवल घटने से पानी में घुलनशील आक्सीजन की मात्रा कम होने पर मछलियों के जीवन पर खतरा रहता है। नैनो स्केल फाईको न्यूट्रींट्स का छिडक़ाव से पानी में आक्सीजन की मात्रा बढ़ाई जा रही। आयुक्त ने 2 फाउंटेन प्रारंभ करने कहा।


अन्य पोस्ट