रायपुर

गन पॉइंट पर बदमाशों ने धान व्यापारी को पहले बंधक बनाया फिर आफिस में रखे पैसों से भरा बैग लेकर भागे
13-Jun-2024 4:07 PM
 गन पॉइंट पर बदमाशों ने धान व्यापारी  को पहले बंधक बनाया फिर आफिस में  रखे पैसों से भरा बैग लेकर भागे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 जून। खरोरा इलाके में कल दिन दहाड़े गन पॉइंट पर बदमाशों ने धान व्यपारी से 27 लाख 50 हजार रूपए लूट लिए। घटना खरोरा के आजाद चौक की बताई जा रही है।

जहां पर तिल्दा के रहने वाले व्यापारी विष्णु शर्मा, किसानों और राइस मिलर्स के बीच धान की खरीदी और बिक्री का काम करते हैं। हर रोज की तरफ बुधवार सुबह खरोरा स्थित अपने दफ्तर पहुंचे और काम शुरू कर दिया।

ऑफिस में वह अपना काम कर ही रहे थे कि दोपहर 11.30 को दो आदमी अचानक उनके दफ्तर पहुंच गए।  व्यापारी उनसे उनका परिचय पूछ ही रहे थे कि दोनों में से एक आरोपी ने पिस्तौल उनके सामने तान दी। धान व्यापारी को पिस्तौल दिखाकर बंधक बनाकर  बदमाशों ने व्यापारी को डरा धमकाकर ऑफिस के अंदर वाले कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद ऑफिस में रखा रुपयों से भरा बैग लेकर वहां से फरार हो गए। बदमाश वहां से जाते-जाते व्यापारी के ऑफिस का शटर भी गिरा कर चले गए। कुछ देर बाद जैसे तैसे करके व्यापारी शटर उठकर बाहर निकाला।

व्यापारी ने खरोरा थाना में अपने साथ हुई लूट की जानकारी दी।  विष्णु शर्मा ने आरोपियों खिलाफ अपराध दर्ज कराया है। लूटरों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। विष्णु शर्मा ने पुलिस को बताया कि जिस बैग को आरोपी लेकर फरार हो गए उसमें 27 लाख 50 हजार रुपये कैश रखा हुआ था। लुटेरों की तलाश में जुटी खरोरा पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी सुरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने  घटना स्थल पर जाकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की जा रही है। यह मामला धारा 457, 392, 34 के तहत दर्ज कर लिया।


अन्य पोस्ट